गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा हुआ है और एअर इंडिया का प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 200 से अधिक यात्रियों की जान गई है। अभी तक आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। एअर इंडिया का प्लेन टेकऑफ किया ही था कि तुरंत क्रैश हो गया। इस प्लेन में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब भाजपा के प्रभारी विजय रुपाणी भी मौजूद थे। विजय रुपाणी के निधन की पुष्टि खुद गुजरात पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने की।
विजय रुपाणी के निधन पर पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष फतेहजंग सिंह बाजवा ने दुख जताया है। उन्होंने बताया कि वो बहुत बड़े नेता थे। बाजवा ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि 3-4 दिन पहले हम लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए मिलकर काम कर रहे थे। मुझे चंडीगढ़ के लिए निकलना था और रूपाणी जी ने मुझे बताया कि उनकी अहमदाबाद की फ्लाइट है क्योंकि उन्हें अपनी बेटी से मिलने के लिए कुछ दिनों में लंदन जाना है। लुधियाना और पंजाब पर चर्चा करते हुए हम चंडीगढ़ पहुंचे। मुझे नहीं पता था कि यह रूपाणी जी से मेरी आखिरी मुलाकात थी। बहुत विनम्र व्यक्ति और बहुत विनम्र नेता थे। वह पार्टी के प्रति बहुत समर्पित थे।”
Ahmedabad Plane Crash LIVE
बाजवा ने आगे बताया, “जब उनको मुख्यमंत्री पद से रिप्लेस किया गया, उसके बाद पार्टी ने उन्हें कई जगह का प्रभार दिया और उन्होंने अच्छा रिजल्ट दिया। वह बहुत ही अच्छे आदमी थे और हर बात को सुनते थे। उन्होंने लुधियाना वेस्ट उपचुनाव के लिए एक हफ्ते तक बैठकों में हिस्सा लिया और सबको अपना-अपना रोल बताया। वह कुछ दिनों के लिए लंदन जा रहे थे और उनका ध्यान पंजाब पर था। लेकिन अब उनका निधन हो गया।”
#WATCH | Ahmedabad Plane Crash | On demise of former Gujarat CM Vijay Rupani, Punjab BJP vice president Fatehjung Singh Bajwa says, “This is very unfortunate because 3-4 days back, we were working together for Ludhiana West by-elections. I had to leave for Chandigarh and Rupani… pic.twitter.com/RGG8iHjVy9
‘ऐसा लगता है विमान दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है’, AP को कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया
विजय रुपाणी का जिक्र करते हुए बाजवा ने आगे कहा, “रुपाणी जी इतने विनम्र व्यक्ति थे कि हम कह सकते हैं कि वह बीजेपी के लिए डायमंड थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद लोगों के अंदर बदलाव आ जाते हैं लेकिन वह इतने विनम्र थे कि अगर किसी के घर में खाना खाना हो तो वह पहले ही बोलते थे कि मैं जैन हूं और बिल्कुल सादा होना चाहिए। उनके साथ काम करने से सीखने को बहुत कुछ मिलता था। यह पंजाब के लिए भी बहुत बड़ा नुकसान है क्योंकि वह हमारे प्रभारी भी थे। 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव की रणनीति भी उनके नेतृत्व में ही बनाई जा रही थी। रुपाणी जी के निधन से बीजेपी को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।”
अहमदाबाद एअरपोर्ट के रनवे नंबर 23 से इस विमान ने दोपहर 1:39 बजे उड़ान भरी थी। एअर इंडिया के अनुसार विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस विमान को कैप्टन सुमीत सभरवाल और क्लाइव कुंदर चला रहे थे।