भारत के स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। हालांकि इस बार वह अपने विवादित बयान के कारण लोगों के निशाने पर हैं। योगराज सिंह ने महिलाओं और हिंदी भाषा को लेकर ऐसा बयान दिया है जिस कारण उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
योगराज सिंह ने समधीश को दिए इंटरव्यू में बताया कि उनके जैसे इंसान के साथ रहना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने कहा, ‘मेरे साथ रहना बहुत मुश्किल हैं। मैं अपनी बीवियों को कहता हूं कि तुम्हारी गलती नहीं है। मेरे जैसे इंसान के साथ काटना आसान नहीं है। इतने साल रहीं साथ शुक्रिया। ‘
उन्होंने औरतों पर विवादित बयान देते हुए कहा, ‘औरतों के बिना मर्द का जीवन बिखर जाता। वह पागल हो जाते। वह दुनिया की सबसे खूबसूरत चीज हैं। मैं औरतों की बहुत इज्जत करता हूं लेकिन उन्हें ताकत नहीं देनी चाहिए। जब आप एक औरत से बात करते हैं तो बहस होती है। उनके साथ बात करें लेकिन चर्चा न करें।’
अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने कहा, ‘आप घर के शेर हैं, मर्द है। यह घर ऐसे चलेगा। बीवी के बिना मर्द का हेड नहीं हो सकता है। इंदिरा गांधी ने देश को चलाया। देश का सत्यनाश हो गया। आप किसी औरत को घर चलाने को दो, वह उसका सत्यनाश कर देगी। कभी औरत को पावर न दें। उन्हें प्यार दें, इज्जत दें लेकिन ताकत न दें। उन्हें पावर देंगे तो आसपास का सबकुछ बर्बाद कर देंगी। औरतें ताकत की भूखी होती हैं। बाबा लोगों के पास औरतें ज्यादा जाती हैं कि मेरे पति को मेरे बस में कर दो, मेरे बेटे को मेरे बस में कर दो।’
उन्होंने कहा कि औरत के रूप में कभी कोई देवता या कोई पीर पैगंबर धरती पर नहीं उतरा। कोई तो कारण होगा। इसके साथ ही योगराज सिंह पति और पत्नी के रिश्ते के बारे में भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया में पति और पत्नी सिर्फ एक साथ सोने के लिए बने हैं और बच्चे पैदा करने के लिए बने हैं। उनके मुताबिक यही रोमांस है। युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने कहा कि अगर वर्ल्ड कप के दौरान उनका बेटा मर भी जाता तो उन्हें गर्व होता।