गर्मी के मौसम में बच्चों को ठंडी-ठंडी चीजें काफी पसंद आती हैं। ऐसे में बच्चे आइसक्रीम या फिर बर्फ के गोले की मांग करते हैं। ऐसे में आप बाहर की इन चीजों को देने की बजाय घर पर ही कुछ हेल्दी बना सकते हैं। आप उनके लिए हेल्दी जामुन की चुस्की बना सकते हैं। यह कुछ ही मिनटों में तैयार हो सकता है। यहां हम आपके लिए इसे बनाने की रेसिपी लेकर आए हैं।

दरअसल, जामुन न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि यह सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर और विटामिन्स बच्चों की हेल्थ को भी बेहतर बनाते हैं। यह चुस्की गर्मी में भी राहत देगी।

250 ग्राम जामुन2 चम्मच नींबू का रसआधा चम्मच काला नमकशहद1 कप पानीआइसक्रीम स्टिक या कुल्फी मोल्ड

जामुन की चुस्की बनाने के लिए सबसे पहले जामुन को सही से धो लें और इसका गूदा निकाल लें। अब मिक्सी में जामुन का गूदा, नींबू रस, काला नमक और थोड़ा सा पानी डालकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। अब आप इसमें स्वाद के अनुसार शहद मिलाएं और एक बार फिर से ब्लेंड कर लें।

अब इस मिश्रण को कुल्फी मोल्ड में भरें और उसमें आइसक्रीम स्टिक लगाएं। अब इसे फ्रीजर में 5-6 घंटे के लिए जमने के लिए रख दें। कुछ ही समय में चुस्की पूरी तरह से जम जाएगी। अब आप इसे मोल्ड से निकाल लें और बच्चों को सर्व करें।