मानसून दस्तक देने को तैयार है। ऐसे में हल्की-फुल्की बारिश होना शुरू हो गई है। कुछ दिनों बाद झमाझम बारिश शुरू होने की उम्मीद है। ऐसे में उमस बढ़ने और बिलों में पानी भरने की वजह से सांप-बिच्छू समेत कई तरह के जहरीले कीड़े बाहर निकलने लगते हैं। मानसून में इनसे बचाव की जरूरत होती है।

खासतौर पर छोटे बच्चों को इसने बचाकर रखना बहुत जरूरी होता है क्योंकि उनको पता ही नहीं होता है कि ये कितने खतरनाक हो सकते हैं। इनको घर में घुसने देने से बचाने के लिए आपको कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। इतना ही नहीं अगर दुर्भाग्यवश के काट भी लें तो आपको पता होना चाहिए कि तुरंत क्या करें और क्या नहीं? आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।

मानसून के मौसम में सांप-बिच्छू से बचने के लिए आपको घर के आसपास किसी भी तरह की झाड़ियां, घास नहीं उगने देना चाहिए। पेड़-पौधों की कटिंग करानी चाहिए। इसके साथ ही घर के बाहर या छत पर पत्थरों के ढेर न लगाएं। यहां सांप-बिच्छू के छिपने की सबसे ज्यादा आशंका रहती है। बच्चे को भूलकर बारिश के दिनों में नंगे पैर बाहर न जाने दें। उन्हें चप्पल या जूते ही पहनाकर भेजें। अगर खुले में सोते हैं तो मच्छरदानी जरूर यूज करें। घर के आसपास कीटनाशक का इस्तेमाल जरूर करें। जहरीले कीटों को नमी वाली जगह पसंद होती है। इसलिए घर के अंदर या फर्श पर बारिश के दिनों में नमी न होने दें।

अगर किसी को सांप-बिच्छू ने काट लिया है तुरंत किसी डॉक्टर के पास पीड़ित को लेकर जाएं। झाड़-फूंक करवाने वालों पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। सांप के काटने पर करीब 30 मिनट जीवन बचाने के लिए बेहद जरूरी होते हैं। ऐसे में जितनी जल्दी हो सके पीड़ित को चिकित्सकीय सेवा मुहैया कराने की कोशिश करें।

अगर आपको ऐसा शक है कि घर में सांप-बिच्छू घुस गया है तो सबसे पहले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को किसी सुरक्षित जगह पर जाने को कहें। इसके बाद सहायता के लिए लोगों को बुलाएं। ब्लीच पाउडर का घोल बनाएं। जहां शक है वहां इसे डालें। आप यहां नीम के तेल भी डाल सकते हैं। इसकी बदबू से वो भाग जाएंगे या बाहर निकल आएंगे।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।