CineGram: एंटरटेनमेंट की दुनिया के तमाम सितारे रातों रात फैंस की आंखों से ओझल हो गए। किसी का करियर खत्म हो गया तो किसी की जान ही चली गई। इन्हीं में से एक प्रिया राजवंश भी थीं, जिन्होंने देव आनंद के साथ फिल्म ‘साहब बहादुर’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन प्यार उन्हें देव आनंद के भाई से हो गया। वो प्यार जो उनकी जान का दुश्मन बन गया। चेतन आनंद से प्यार करना प्रिया को भारी पड़ा, इश्क के बदले उन्हें सजा-ए-मौत नसीब हुई। हम आज आपको जनसत्ता.कॉम की सीरीज बॉलीवुड स्कैंडल में प्रिया राजवंश की दर्दनाक मौत की कहानी बताने जा रहे हैं।

चेतन आनंद एक डायरेक्टर थे और शादीशुदा होने के बावजूद उन्हें प्रिया राजवंश से प्यार हो गया। रिपोर्ट्स की मानें तो चेतन का अपनी पत्नी के साथ रिश्ता अच्छा नहीं था और प्रिया के लाइफ में आने के बाद वो उनसे अलग हो गए थे। चेतन इस हद तक प्रिया के प्यार में थे कि उन्होंने अपनी संपत्ति भी उनके नाम कर दी थी और ये ही उनकी मौत का कारण बनी।

प्रिया राजवंश बिना शादी के चेतन आनंद के साथ रहती थीं। चेतन ने अपनी संपत्ति के 3 हिस्से किए थे, जिसमें से दो हिस्से उनकी पहली पत्नी से हुए दो बेटों को दिए गए और एक हिस्सा एक्ट्रेस के नाम हुआ। साल 1997 में चेतन की मौत हो गई और तीन साल बाद प्रिया का भी मर्डर कर दिया गया।

ये मर्डर किसी और ने नहीं बल्कि चेतन के दोनों बेटों ने ही करवाया था। साल 2000 में प्रिया का शव चेतन आनंद के बंगले में पड़ा मिला था। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या करार दिया था, लेकिन सच्चाई बाद में सामने आई। जिसमें पता चला कि एक्ट्रेस का गला घोंटकर उनकी हत्या की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि जिस रात प्रिया की मौत हुई, उससे कुछ घंटों पहले उनकी कामवाली से बहस हुई थी। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उस मेड ने माना की उसने ही चेतन के बेटों के कहने पर प्रिया का गला घोंटा था और इसके लिए उसे 4000 रुपये दिए गए थे।

उस वक्त तो दोषी बेटों को बेल मिल गई और सालों बाद 2011 में फिर एक बार इस केस की फाइल खुली लेकिन दोनों के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिले तो उन्हें बरी कर दिया गया।

फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में महारानी संयुक्त कुमार ने उस शाम के बारे में बात की थी, जब प्रिया की मौत हुई थी। उन्होंने कहा था, “जिस शाम उसकी मौत हुई, उसे हमारे साथ ड्रिंक करनी थी। लेकिन वो नहीं आई, जो अजीब था। हमने चौकीदार को पूछताछ के लिए भेजा। नौकरानी ने कहा कि वो जल्द ही आ जाएगी। लेकिन वो नहीं आई। हमने उसे दोबारा भेजा और तभी नौकरानी ने कहा कि वो बेहोश हो गई है। हम दौड़कर उसके पास पहुंचे, मेरे पति, मेरी सास और मैं… और ये नाटक शुरू हो गया।”