Foods to avoid in steel: हर भारतीय रसोई में खाना बनाने और रखने के लिए सबसे ज्यादा स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल किया जाता है। लंबे समय तक चलने वाले ये बर्तन हर गरीब से अमीर लोगों की रसोई में आपको मिल जाएंगे। पहले जहां भारी-भारी बर्तन चलते थे, क्योंकि तब खाना स्टोव या चूल्हे पर बनता था।
वहीं अब फैंसी डिजाइन वाले स्टील के बर्तनों ने रसोई में अपनी जगह बना ली है। ये काफी टिकाऊ होते हैं और ज्यादा महंगे भी नहीं आते हैं। स्टील के डिब्बे में चीनी रखने से लेकर पानी पीने का गिलास भी स्टील का होता है। लेकिन क्या आपको पता है स्टील के बर्तनों में खाने की कुछ चीजों को नहीं रखना चाहिए। इससे न केवल उनके स्वाद पर असर पड़ता है बल्कि उनकी शेल्फ लाइफ भी कम हो सकती है। आइए जानें इसके बारे में।
दही को स्टील के बर्तन में रखने से बचना चाहिए। क्योंकि दही ऐसी चीज है जिसे जमाने के बाद कई दिनों तक इसका इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में लोग इसे जिस बर्तन में जमाते हैं उसी में ही लंबे समय तक स्टोर किए रहते हैं। जब हम स्टील के बर्तन में लंबे समय तक दही रखते हैं तो इसका स्वाद बदल सकता है। इसलिए दही को जमाने और स्टोर करने के लिए चीनी मिट्टी या कांच के बर्तनों का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
स्टील के डिब्बों में कभी अचार भी नहीं रखना चाहिए। क्योंकि अचार को बनाने में तेल-मसाले, नमक, सिरका आदि का इस्तेमाल किया जाता है। ये चीजें धातु के साथ प्रक्रिया करती हैं। अगर अच्छी गुणवत्ता वाला स्टील नहीं हुआ तो अचार का स्वाद बदल सकता है या फिर वो खराब भी हो सकता है। इसलिए अचार में किसी तरह की गंध या स्वाद न खराब हो तो इसके लिए आपको अचार को कांच के जार में रखना चाहिए।
कई सारे लोग कॉलेज या ऑफिस के लिए स्टील में बर्तनों में कटे हुए फल या सलाद रखते हैं। स्टील के डिब्बे में कटे हुए फल या सलाद ज़्यादा देर तक रखने पर यह गीले या खाने में थोड़े अजीब लग सकते हैं। इन्हें स्टोर करने के लिए आपको वायुरोधी कांच के डिब्बे या खाने-पीने के लिए सुरक्षित प्लास्टिक के डिब्बे इस्तेमाल करना चाहिए।
स्टील और खट्टे फल एक साथ नहीं चलते। इसलिए लेमन राइस, लेमन रसम, या अमचूर या इमली वाली कोई भी चीज़ स्टील के डिब्बे में रखने से उसका तीखापन कम हो सकता है और उसका स्वाद भी कम हो सकता है।
जिन चीजों को बनाने में टमाटर का ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है वो स्टील के बर्तन में नहीं रखने चाहिए। राजमा जैसे टमाटर से बने ग्रेवी वाले फूड स्टील के साथ प्रतिक्रिया कर सकते हैं, जिससे व्यंजन का स्वाद और पोषक तत्व दोनों प्रभावित होते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।