पीएम मोदी सोमवार को जकार्ता पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6-8 जुलाई तक इंडोनेशिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह उनके तीन देशों के दौरे का पहला चरण है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मंगलवार को घोषणा की कि भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) बेंगलुरु अपना पहला विदेशी परिसर इंडोनेशिया में स्थापित करेगा।
आईआईएम ने कहा कि यह द्विपक्षीय समझौता भारत-इंडोनेशिया सहयोग में एक अहम पड़ाव है और प्रस्तावित परिसर से पूरे आसियान क्षेत्र के शिक्षार्थियों को लाभ होगा। आईआईएम की प्रेस रिलीज के अनुसार, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांतो के साथ जकार्ता में 7 जुलाई 2026 को संयुक्त प्रेस बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के प्रतिष्ठित प्रबंध संस्थान आईआईएम बेंगलुरु का एक परिसर इंडोनेशिया में स्थापित किया जाएगा, जिससे पूरे आसियान क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के बाद कहा कि दोनों देशों ने एआई, दूरसंचार, डिजिटल सार्वजनिक ढांचे और स्टार्टअप परिवेश जैसे क्षेत्रों में युवाओं के बीच तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। बयान में कहा गया है कि उन्होंने इन पहल को भारत-इंडोनेशिया संबंधों के एक सुनहरे अध्याय का हिस्सा बताया, जिसका 21वीं सदी पर स्थायी प्रभाव पड़ेगा।
संस्थान के अनुसार, इंडोनेशिया में प्रस्तावित आईआईएम-बी कैंपस दोनों देशों के बीच शैक्षिक सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इस क्षेत्र के लिए भविष्य की नेतृत्व प्रतिभा को विकसित करने की साझा प्रतिबद्धता का समर्थन करता है। यह घोषणा आईआईएम बेंगलुरु और सिंघासारी विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) के बीच हाल ही में हुए समझौते पर आधारित है, जहां अंतरराष्ट्रीय परिसर के बनने की उम्मीद है।
वहीं, भारत और इंडोनेशिया ने मंगलवार को खनिज और इस्पात आपूर्ति श्रृंखला की प्रौद्योगिकी में सहयोग के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता उन 14 समझौतों में से एक है जिन पर दोनों पक्षों ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर किए हैं। इन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण खनिज और इस्पात आपूर्ति श्रृंखला, समुद्री सुरक्षा, दवाएं, शिक्षा, अंतरिक्ष, रिसर्च और इनोवेशन, दूरसंचार और खाद्य सुरक्षा शामिल हैं। पीएम मोदी के इस दौरे का मकसद 2018 की भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत व्यापार और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इंडोनेशिया की यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। वहां पीएम ने कहा कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत के असली दोस्त हैं। वहीं, दूसरी ओर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने कहा कि मेरे भीतर भारतीय डीएनए है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
