उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित फिल्म सिटी के लिए लैंड यूज की मंजूरी मिल गई है। यमुना विकास प्राधिकरण द्वारा इस प्रोजेक्ट के लेआउट के लिए 5 प्रकार के लैंड यूज को मंजूरी दी है। इन 5 प्रकारों में कमर्शियल, बैंक लोड, ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, ग्रीनरी और विलेज बनाने की भी स्वीकृति मिली है। फिल्म सिटी के पहले चरण की शुरुआत के लिए ये मंजूरी काफी महत्वपूर्ण है। इस फिल्म सिटी का नेतृत्व मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। प्राधिकरण की मंजूरी के बाद बोनी कपूर की कंपनी द्वारा बुधवार को लेआउट प्रस्तुत किया जाएगा।
इस फिल्म सिटी का निर्माण 1000 एकड़ भूमि में होना है। जिसके पहले चरण में 230 एकड़ भूमि पर काम शुरू होगा। ये प्रोजेक्ट यमुना सिटी के सेक्टर 21 में प्रस्तावित है। कुछ समय पहले ही बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के अधिकारी यमुना प्राधिकरण पहुंचे थे। जहां उन्होंने इस फिल्म सिटी के प्रोजेक्ट का लेआउट पेश किया।
प्राधिकरण द्वारा पहले चरण के लैंड यूज की मंजूरी मिलने के बाद ग्रुप और बोनी कपूर द्वारा प्रस्तुत लेआउट में इस बात की जानकारी दी जाएगी कि कौन सी बिल्डिंग कहां बनेगी। शूटिंग एरिया, कमर्शियल गतिविधियां, ग्रुप हाउसिंग और विलेज बनाने का प्लान तैयार होगा।
कभी ऑटो रिक्शा में नहीं घूमीं खुशी कपूर, बताया पेरेंट्स ने नहीं दी परमिशन
महाकुंभ समाप्त होने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस प्रोजेक्ट का शुभारंभ कर सकते हैं। ये प्रोजेक्ट फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा कदम होने वाला है। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा, यमुना सिटी और यूपी का आर्थिक विकास होगा।
इस फिल्म सिटी के निर्माण के लिए साउंड और लाइट के स्पेशल इफेक्ट वाले स्टूडियो, कमर्शियल, विला, ऑफिस समेत तमाम चीजें विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के सेट तैयार करने वाले सामान से संबंधित सभी प्रकार के उत्पादों के लिए इंडस्ट्री इस जोन में स्थापित की जाएगी। बताया जा रहा है कि 230 एकड़ में डेवलप होने वाले इस पहले चरण में करीब 1500 करोड़ का निवेश होगा।