दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। 27 साल बाद भाजपा की दिल्ली में वापसी हुई है, जबकि आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई। हालांकि दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुछ सीटों पर रोचक परिणाम सामने आया है। नई दिल्ली विधानसभा सीट से 6 उम्मीदवार ऐसे थे, जिन्हें 10 वोट भी नहीं मिले।

भारतीय राष्ट्रीय डेमोक्रेटिक पार्टी के ईश्वर चंद को नई दिल्ली विधानसभा सीट पर केवल चार वोट हासिल हुए। वहीं भीम सेना के संघानंद बौद्ध, राष्ट्रीय जनलोक पार्टी के मुकेश जैन और राष्ट्रीय मानव पार्टी के नित्यानंद सिंह को 8 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार पंकज शर्मा और हैदर अली को केवल 9-9 वोट हासिल हुए।

नई दिल्ली विधानसभा सीट से कुल सबसे अधिक 23 उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि मुख्य उम्मीदवार बीजेपी के परवेश साहिब सिंह वर्मा, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के संदीप दीक्षित ही थे। बीजेपी के परवेश वर्मा को 30088 वोट मिले, जबकि अरविंद केजरीवाल को 25999 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के संदीप दीक्षित को 4568 वोट मिले। इस प्रकार भाजपा के उम्मीदवार परवेश वर्मा की 4089 वोटों से जीत हो गई।

मुस्तफाबाद से ओवैसी ने दिलाई बीजेपी को जीत? ताहिर हुसैन ने कर दिया ‘खेला’

दिल्ली चुनाव में बड़े बड़े चेहरे परास्त हो गए जंगपुरा से बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता मनीष सिसोदिया को हरा दिया है। जंगपुरा से बीजेपी के तरविंदर सिंह मारवाह को 38,859 वोट मिले। जबकि मनीष सिसोदिया को 38,184 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के फरहाद सूरी को 7350 वोट मिले। बीजेपी के उम्मीदवार की 675 वोटों से जीत हुई है।

हालांकि कालकाजी से मुख्यमंत्री आतिशी की जीत हुई। ये आम आदमी पार्टी के लिए राहत की बात थी। कालकाजी से आतिशी को 52154 वोट मिले जबकि भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 48633 वोट मिले। वहीं कांग्रेस की अलका लांबा को 4392 वोट मिले। इस प्रकार से आतिशी की 3521 वोटों से जीत हुई।