साउथ सिनेमा के फेवरेट कपल रहे नागा चैतन्य और सामंथा रुथ प्रभु आज भले ही साथ नहीं हैं लेकिन, उन्हें काफी मिस किया जाता है। कपल ने 2017 में शादी की थी। शादी के चार साल में ही उनका रिश्ता खत्म हो गया था। दोनों ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए थे और वो आज भी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। इस तलाक के दो साल बाद ही एक्टर का नाम शोभिता धूलिपाला से जुड़ने लगा था और फिर पिछले साल 2024 में दोनों ने शादी करके सभी को हैरान कर दिया। इसी बीच अब नागा चैतन्य ने पहली बार तलाक पर चुप्पी तोड़ी है। चलिए बताते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

दरअसल, नागा चैतन्य ने हाल ही में रॉ-टॉक्स विद वीके पॉडकास्ट में शिरकत की। इस दौरान अभिनेता ने सामंथा रुथ प्रभु संग तलाक पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है। नागा चैतन्य ने सामंथा से अलग होने को लेकर कहा कि वो दोनों ही अपने-अपने रास्ते पर चलना चाहते थे। उन्होंने अपने कारणों से अलग होने का फैसला किया और वो दोनों ही एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। साउथ एक्टर ने कहा कि दोनों ही अपने-अपने तरीके से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं।

नागा चैतन्य ने तलाक की चर्चा को लेकर कहा कि उनको समझ नहीं आता है कि इस पर और क्या सफाई देने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फैंस और मीडिया इसका सम्मान करेंगे और एक्टर ने प्राइवेसी की मांग की। नागा चैतन्य ने माना कि दुर्भाग्य से ये एक हेडलाइन है। उनका मानना है कि अब ये सब्जेक्ट या गपशप बन गया है। ये मनोरंजन बन गया है।

नागा चैतन्य ने अपनी दूसरी शादी को लेकर आगे कहा कि वो बहुत ही शालीनता के साथ आगे बढ़ गए हैं और अपना जीवन जी रहे हैं। एक्टर ने कहा कि उनको फिर से प्यार मिल गया है और वो इससे बेहद ही खुश हैं। दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। अंत में एक्टर ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा उनके साथ ही नहीं हो रहा है फिर उनके साथ अपराधी जैसा क्यों व्यवहार किया जाता है?

इसके साथ ही नागा चैतन्य ने शादी खत्म करने के फैसले पर भी बात की और कहा कि जो भी फैसला था उन्होंने वो बहुत ही सोच-समझकर लिया था और दूसरे व्यक्ति के प्रति बहुत सम्मान के साथ लिया गया एक बड़ा फैसला था। नागा चैतन्य कहा कि वो ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि ये उनके लिए बहुत ही संवेदनशील विषय है। उनका कहना था कि वो एक टूटे हुए परिवार से आते हैं और खुद को टूटा हुआ बच्चा भी बताते हैं। एक्टर ने कहा कि उनको पता है कि ये कैसा एक्सपीरियंस होता है। रिश्ता तोड़ने को लेकर कहा कि वो रिश्ता खत्म करने से पहले 1000 बार सोचेंगे। क्योंकि उनके इसके परिणाम के बारे में पता है और ये उनका आपसी फैसला था।

आपको बता दें कि नागा चैतन्य से पहले सामंथा रुथ प्रभु भी तलाक की खबरों पर रिएक्शन दे चुकी हैं। उन्होंने कोंडा सुरेखा के बयान पर भड़कते हुए तलाक पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सुरेखा के स्टेटमेंट की आलोचना की थी।