Delhi Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल बीजेपी ने वापसी की है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी दिल्ली की सत्ता से बेदखल हो गई। लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी सामने आ रहे हैं। उन्हीं में से एक है कि नई दिल्ली विधानसभा, एमसीडी और दिल्ली सरकार का दिलचस्प कनेक्शन इस चुनाव में भी खत्म नहीं हुआ है। नई दिल्ली विधानसभा सीट जो भी पार्टी जीतती है, उस पार्टी की सरकार बनती है। इसके उलट दिल्ली नगर निगम (MCD) में जो पार्टी काबिज होती है उस पार्टी को दिल्ली की सत्ता से हाथ धोना पड़ता है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यहां प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई आम आदमी पार्टी की बुरी तरह हार हुई है। हालात ये हैं कि अब आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी नई दिल्ली से चुनाव हार चुके हैं। अब इन नतीजों के बाद दिल्ली के वे दो कनेक्शन लोगों को याद आ रहे हैं, जिनकी हर बार चर्चा होती है।
दरअसल, दिल्ली में ये परंपरा रही है कि जिस भी पार्टी ने नई दिल्ली सीट पर चुनाव जीता है, उसी पार्टी की सरकार बनी है। पिछले तमाम चुनावों में ये सब देखने को मिला था। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इससे पहले नई दिल्ली से तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराया था और आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी। यही वजह है कि इस बार के चुनाव में भी इस VVIP सीट पर ही सबकी नजरें टिकी हुई थीं। अब परवेश वर्मा ने कड़ी टक्कर देते हुए अरविंद केजरीवाल को यहां से मात दी है और भाजपा सरकार बनाएगी, यानी इस सीट में जीत वाला कनेक्शन एक बार फिर सच साबित हुआ है।
सीएम आतिशी ने दिया इस्तीफा, 142 दिनों तक रहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री
MCD में सत्ता का मतलब जवाबदेही से भी जोड़ा जाता है, जनता से जुड़े तमाम छोटे और जरूरी काम एमसीडी के दायरे में आते हैं। इनमें कूड़ा, सफाई, सीवर और कॉलोनियों की हालत जैसी चीजें शामिल होती हैं। ऐसे में अगर ये चीजें सही नहीं हैं तो इसका असर सीधे विधानसभा चुनावों पर दिखता है, यानी उसी पार्टी को जमीन पर नहीं दिखने वाली तमाम चीजों को लेकर जिम्मेदार ठहराया जाता है।
नई दिल्ली विधानसभा सीट के अलावा नतीजों का दूसरा कनेक्शन दिल्ली नगर चुनाव (MCD) चुनाव भी हैं। MCD में जिस भी पार्टी की सरकार होती है, उसे विधानसभा चुनाव में हार का सामान करना पड़ता है। पिछले तमाम चुनावों में एमसीडी की सत्ता में भाजपा काबिज थी। भाजपा एमसीडी में तो सत्ता में आती थी, लेकिन सरकार कांग्रेस की बनती थी। ऐसा ही आम आदमी पार्टी के साथ भी हुआ, जब आप ने एमसीडी में जीत का परचम लहराया तो उसे विधानसभा चुनाव में हार मिली है, यानी ये दिलचस्प कनेक्शन वाला ट्रेंड भी फिलहाल दिल्ली में टूटा नहीं है।
यह भी पढ़ें-
जानिए उन 17 सीटों के नतीजे, जहां AAP ने मौजूदा विधायकों को नहीं दिया था टिकट; देखें पूरी लिस्ट
Milkipur By Election: योगी के ब्रह्मास्त्र के आगे अखिलेश की PDA की रणनीति धराशाई