Teddy Day 2025 Date, Importance And Significance: वैलेंटाइन वीक (Valentine’s Week) चल रहा है। प्यार के इस हफ्ते का चौथा दिन ‘टेडी डे’ (Teddy Day) होता है। यानी 7 फरवरी को रोज़ डे, 8 फरवरी को प्रपोज डे, 9 फरवरी को चॉकलेट डे सेलिब्रेट करने के बाद प्यार में पड़े जोड़े 10 फरवरी को टेडी डे मनाते हैं।

अब, जैसा कि नाम से साफ है, इस दिन लवर्स एक-दूसरे को टेडी गिफ्ट करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि टेडी बियर आखिर प्यार का प्रतीक (Love Symbol) कैसे बना? या टेडी डे क्यों मनाया जाता है? अगर नहीं, तो इस लेख में हम आपको इन्हीं सवालों का जवाब देने वाले हैं। आइए जानते हैं टेडी बियर के लव सिंबल बनने की दिलचस्प कहानी के बारे में-

दरअसल, टेडी बियर की कहानी सन् 1902 से शुरू होती है। कहा जाता है कि 14 नवंबर 1902 में, अमेरिका के 26वें राष्ट्रपति थियोडोर टेडी रूजवेल्ट अपने सहायक होल्ट कोलीर के साथ शिकार के लिए मिसिसिपी जंगल गए थे। उन्हें शिकार का बेहद शौक था। अब, जब वे जंगल पहुंचे, तो उनकी नजर एक छोटे भालू पर पड़ी। भालू को देखते ही सहायक कोलीर ने बिना देरी किए उसे पेड़ से बांध दिया और राष्ट्रपति से उसे गोली मारने की अनुमति मांगने लगा।

हालांकि, भालू को घायल अवस्था में देखकर राष्ट्रपति उसे मारने की हिम्मत न कर सके, रूजवेल्ट का दिल पिघल गया और उन्होंने मासूम भालू को मारने से इनकार कर दिया। इसके दो दिन बाद यानी 16 नवंबर को द वाशिंगटन पोस्ट अखबार में इस घटना के बारे में बताया गया।

घटना की जानकारी देते हुए कार्टूनिस्ट क्लिफोर्ड बेरीमैन ने एक तस्वीर बनाई थी, जिसमें राष्ट्रपति और सहायक के साथ-साथ घायल भालू को भी एक कार्टून की तरह दिखाया गया था। अखबार में बताए गए इस वाक्या के बाद राष्ट्रपति के व्यवहार की खूब तारीफ हुई।

दूसरी ओर कार्टूनिस्ट क्लिफोर्ड बेरीमैन द्वारा बनाई गई तस्वीर भी लोगों को खूब पसंद आई। इस तस्वीर को देखकर न्यूयॉर्क के एक खिलौना व्यापारी मॉरिस मिचटॉम को भालू के आकार का खिलौना बनाने का आइडिया आया। उन्होंने खिलौना तैयार किया और इसे राष्ट्रपति के नाम पर ‘Teddy’s Bear’ नाम दिया गया।

कहा जाता है कि पहला टेडी मॉरिस ने अपनी वाइफ रोज़ को गिफ्ट किया था, तभी से टेडी को प्यार की निशानी के तौर पर देखा जाने लगा। इससे अलग समय के साथ ये खिलौना इतना लोकप्रिय हो गया कि दुनिया भर में बच्चों और प्रेमियों के बीच पसंदीदा बन गया।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Chocolate Day 2025 Date: चॉकलेट डे कब है? जानें क्यों मनाया जाता है ये दिन, क्या है इसका इतिहास