दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनने वाली है। 20 फरवरी को दिल्ली में बीजेपी के नए मुख्यमंत्री शपथ ले सकते हैं। 19 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक हो सकती है और इसी बैठक में विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। शपथ ग्रहण कार्यक्रम दिल्ली के प्रसिद्ध रामलीला मैदान में आयोजित किया जा सकता है। दिल्ली में अभी तक सीएम पद पर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन तीन नाम सबसे अधिक चर्चा में हैं।

दिल्ली के सीएम पद के लिए रेखा गुप्ता का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने अभी तक किसी भी राज्य में वर्तमान में बीजेपी की कोई महिला सीएम नहीं है। ऐसे में रेखा गुप्ता को दिल्ली में सीएम पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। रेखा गुप्ता शुरू से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रही और उसके बाद भाजपा में शामिल हुईं। वह शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। रेखा गुप्ता RSS से बचपन से ही जुड़ी रही हैं। ऐसे में महिला चेहरा, RSS से जुड़ाव और शुरू से बीजेपी की कार्यकर्ता- तीनों ही फैक्टर रेखा गुप्ता के पक्ष में हैं।

दिल्ली सीएम पद के लिए बीजेपी की ओर से दूसरा सबसे बड़ा नाम आशीष सूद का है। आशीष सूद जनकपुरी से विधायक चुने गए हैं। वह पंजाबी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। दिल्ली में पंजाबी वोटर अधिक संख्या में हैं और बीजेपी पंजाब में भी पैर पसारने की कोशिश कर रही है।

यमुना पर आरती शुरू, एक्शन प्लान हो रहा तैयार… 4 साल में सूरत बदलने की तैयारी

आशीष सूद ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपनी राजनीति शुरू की थी और वह बचपन से RSS से भी जुड़े रहे। भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी उन्होंने काम किया है और उसके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी थे। आशीष सूद साउथ दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के पार्षद भी रहे हैं और बीजेपी के प्रमुख पंजाबी भाषी नेताओं में से एक हैं। आशीष सूद शीर्ष नेतृत्व के भी करीबी हैं और जम्मू कश्मीर के सह प्रभारी भी हैं।

दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के लिए तीसरा सबसे बड़ा नाम जितेंद्र महाजन का है। जितेंद्र महाजन दूसरी बार रोहतास नगर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। जितेंद्र महाजन की क्षेत्र में अच्छी खासी पकड़ है। शीर्ष नेतृत्व भी उनसे खुश है। महाजन जब 2020 में विधायक बने, उसके बाद वह लगातार आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरते रहे हैं।