बॉलीवुड में इन दिनों बिपाशा बसु और मीका सिंह के बीच विवाद छिड़ता नजर आ रहा है। हाल ही में सिंगर ने एक्ट्रेस और उनके पति करण सिंह ग्रोवर संग काम करने का अनुभव साझा किया था। इस दौरान उन्होंने बताया था कि बिपाशा ने सेट पर बहुत ड्रामे किए थे। मीका ने बिपाशा और करण के साथ सीरीज ‘डेजरस’ में काम किया था। इसे सिंगर ने ही प्रोड्यूस किया था। ऐसे में इस सीरीज को लेकर उन्होंने कहा था कि बिपाशा की वजह से सीरीज के पोस्ट प्रोडक्शन में काफी देरी हुई थी। इसे साल 2020 में रिलीज किया गया था। अब बिपाशा ने मीका सिंह की बात पर पलटवार किया है। चलिए बताते हैं एक्ट्रेस ने क्या कुछ कहा।
दरअसल, मीका सिंह के स्टेटमेंट के बाद बिपाशा बसु ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने टॉक्सिक लोगों से जुड़ी एक स्टोरी शेयर की है, जिसे मीका सिंह से जोड़ा जा रहा है क्योंकि पोस्ट में एक्ट्रेस ने किसी का नाम नहीं लिखा है। बिपाशा बसु ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘टॉक्सिक लोग बवाल करते हैं, दूसरों पर उंगलियां उठाते हैं और आरोप लगाते हैं। जिम्मेदारी भी लेने से बचते हैं।’ इतना ही नहीं, एक्ट्रेस ने इस पोस्ट को शेयर करने के साथ ही टॉक्सिसिटी और नेगेटिविटी से दूर रहने का सुझाव दिया। साथ ही लिखा, ‘भगवान सबका भला करे। दुर्गा दुर्गा।’ हालांकि, उन्होंने इस पोस्ट के साथ किसी का नाम नहीं लिखा लेकिन लोगों का मानना है कि मीका सिंह के स्टेटमेंट के बीच उन्होंने इस पोस्ट को शेयर किया है और वो इसे सिंगर से कनेक्ट कर रहे हैं कि बिपाशा ने उनको इनडायरेक्टली जवाब दिया है।
इसके साथ ही अगर बात की जाए मीका सिंह के उस अनुभव की, जिसके बारे में उन्होंने बताया तो सिंगर ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी सीरीज का बजट 4 करोड़ का था। लेकिन बिपाशा की वजह से फिल्म का बजट 14 करोड़ हो गया था। मीका का बिपाशा के साथ काम करने का अनुभव अच्छा नहीं रहा था।
मीका सिंह ने बताया था कि बिपाशा को फिल्म में एक और एक्ट्रेस के साथ कास्ट किया गया था और वो फिल्म के लिए नए चेहरे की तलाश कर रहे थे चूंकि बजट कम था तो बिपाशा ने उनको कहा कि वो और करण इसे कर लेंगे। इस पर मीका ने भी हामी भर ली थी लेकिन, बाद में शूटिंग शुरू हुई तो एक्ट्रेस ने अचानक फिल्म में कई शर्तें रख दी। कई सीन करने से मना कर दिए। होटल में पति को अलग और खुद को अलग रूम मांगने लगीं। फिर किसिंग सीन तक करने से मना कर दिया था। इतना ही नहीं, मीका सिंह ने बताया कि पोस्ट प्रोडक्शन में बिपाशा और उनके पति करण ने हेल्थ का बहाना बनाकर कई बार देरी भी की। इस दौरान मीका ने अक्षय कुमार की सलाह का भी जिक्र किया था और कहा था कि उनको अभिनेता ने फिल्म प्रोड्यूस करने से मना किया था लेकिन उन्होंने उनकी मानी नहीं और इसमें असफल रहे। आगे फिल्में प्रोड्यूस को लेकर सिंगर ने कान पकड़े कि वो अब कोई फिल्म नहीं बनाएंगे।
मीका सिंह ने बिपाशा और करण को लेकर खुलासा किया था कि दोनों ने रोमांटिक सीन पर भी करने से मना कर दिया था। इसी के साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि अगर वो खाली बैठे हैं तो ये उनके कर्मों का फल है।