Manoj Kumar Death News LIVE Updates: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है। उन्होंने 87 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अंतिम सांस ली। हिंदी फिल्म जगत में उनको देशभक्ति फिल्मों के लिए जाना जाता है। वहीं, उनकी यादगार फिल्मों की बात करें, तो उसमें ‘क्रांति’, ‘उपकार’, ‘शहीद’, ‘पूरब और पश्चिम’ के अलावा ‘रोटी कपड़ा और मकान’ समेत कई फिल्में शामिल हैं।
वैसे आपको बता दें कि मनोज कुमार का असली नाम हरिकृष्ण गोस्वामी और उनका जन्म 1937 में हुआ था। एक्टर की देशभक्ति वाली इतनी फिल्में इतनी हिट रहीं कि उनका नाम ही ‘भारत कुमार’ पड़ गया। अब उनके निधन की खबर सुनने के बाद हर कोई सदमे में आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह त ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। फोटोज शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “मैं महान अभिनेता और फिल्म निर्माता मनोज कुमार सर के निधन से दुखी हूं, मुझे कई मौकों पर उनसे बातचीत करने का सौभाग्य मिला और वह वास्तव में भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे। उनकी कहानियों और उनकी फिल्मों में गानों के फिल्मांकन ने राष्ट्रीय गौरव को प्रेरित किया और पीढ़ियों तक गूंजता रहेगा। मेरे परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ओम शांति।”
https://twitter.com/imbhandarkar/status/1908001413076340862
आमिर खान ने मनोज कुमार के निधन पर एक स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा, “मनोज कुमार सिर्फ एक अभिनेता या फिल्ममेकर ही नहीं थे, बल्कि वे एक संस्था थे। मैंने उनकी फिल्में देखकर बहुत कुछ सीखा है। उनकी फिल्में अक्सर महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर आधारित होती थीं, जो उन्हें आम आदमी के बहुत करीब ले जाती थीं। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, “महान अभिनेता और फिल्म निर्माता मनोज कुमार जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने भारतीय सिनेमा पर एक अमिट छाप छोड़ी है। अपने लंबे और प्रतिष्ठित करियर के दौरान उन्हें उनकी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाना जाता था, जिसने भारत के योगदान और मूल्यों पर गर्व की भावना को बढ़ावा दिया। राष्ट्रीय नायकों, किसानों और सैनिकों के प्रतिष्ठित चरित्रों को उन्होंने जीवंत किया, जो हमारी सामूहिक स्मृति में अंकित रहेंगे। उनका सिनेमा राष्ट्रीय गौरव को जगाएगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।”
विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, “भारत के पहले सच्चे मौलिक और प्रतिबद्ध भारतीय फिल्म निर्माता, दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता मनोज कुमार जी आज हमें छोड़कर चले गए। एक गौरवान्वित राष्ट्रवादी, दिल से एक कट्टर हिंदू। एक दूरदर्शी निर्देशक जिन्होंने भारतीय सिनेमा को एक नया व्याकरण दिया- गीतों के चित्रण का, सार्थक गीतों का, ऐसा सिनेमा जो न केवल मनोरंजन करता था बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस कराता था।
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम की स्टोरी पर एक पोस्ट कर मनोज कुमार को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने दिग्गज एक्टर की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि मैं उनसे सीखता हुआ बड़ा हुआ कि हमारे देश के लिए प्यार और गर्व से बढ़कर कोई भावना नहीं है और अगर हम अभिनेता इस भावना को दिखाने में आगे नहीं आएंगे, तो कौन करेगा? इतने अच्छे इंसान और हमारे बिरादरी की सबसे बड़ी संपत्तियों में से एक। RIP मनोज सर, ओम शांति।
एएनआई से बात करते हुए मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया है कि उनके पिता का निधन सुबह 3:30 बजे हुआ था। वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं से जूझ रहे थे। यह भगवान की कृपा है कि उन्होंने शांतिपूर्वक इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका अंतिम संस्कार कल होगा यानी शनिवार को होगा।
https://twitter.com/ANI/status/1907995587695243721
अशोक पंडित ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता और भारतीय फिल्म जगत के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार जी हमारे बीच नहीं रहे। यह पूरे फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति है। पूरी इंडस्ट्री उनको याद करेगी।
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, “मनोज कुमार जी एक प्रतिभाशाली अभिनेता थे। उनको हमेशा देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्मों के निर्माण के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।”
एक्स हैंडल पर पीएम मोदी ने दो तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “महान अभिनेता और फिल्मकार मनोज कुमार जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुःख हुआ। वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें खासतौर पर उनकी देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाता था, जो उनकी फिल्मों में भी झलकता था। मनोज जी के कामों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया। वे इससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।”
मनोज कुमार ने अपने करियर में देशभक्ति और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर बनी कई फिल्मों में काम किया था। इसके साथ ही बहुत से लोगों ने यह भी सुना होगा कि उन्हें ‘भारत कुमार’ के नाम से भी जाने जाते था, लेकिन अधिकतर लोगों को इसके पीछे का कारण नहीं पता होगा। चलिए बताते हैं कि क्यों उन्हें कहा जाता है भारत कुमार। पूरी खबर यहां क्लिक करके पढ़ें।
अभिनेता ने बचपन में दिलीप कुमार स्टारर फिल्म ‘शबनम’ देखी थी और इस फिल्म को देखकर ही उन्होंने एक्टर बनने का सपना देखा था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक्टर ने एक बार इमरजेंसी पर फिल्म बनाने से मना कर दिया था। पूरी खबर यहां क्लिक करके पढ़ें।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांसें लीं। ऐसा बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी समय से बीमार थे और इसी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारतीय सिनेमा में मनोज कुमार को ‘भारत कुमार’ के नाम से जाना जाता है और अब उनके निधन की खबर सुनने के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरी खबर यहां क्लिक करके पढ़ें।