Bihar News: बिहार के औरंगाबाद में एक ऑर्केस्ट्रा डांसर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शहर के महुआ शहीद मोहल्ले की है। मृतका की पहचान रोहतास जिले के डेहरी निवासी ऑर्केस्ट्रा संचालक दर्पण पासवान की पत्नी नेहा सिंह(29) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण नेहा ने अपनी जान दे दी।

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार नेहा शनिवार को रात झारखंड में आयोजित एक ऑर्केस्ट्रा परफॉर्म करने के बाद रविवार को अहले सुबह औरंगाबाद स्थित अपने घर लौटी थी।

रिपोर्ट के मुताबिक घर लौटने पर पति दर्पण ने उसे कॉल किया। हालांकि, कॉल पर दोनों की बहस हुई और नेहा ने गुस्से में कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद ही उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इधर, नेहा के कॉल काटने के बाद दर्पण लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश करता रहा। आखिर में उसने नेहा के ही फ्लैट में रहने वाली एक और डांसर रोशनी से उसके कमरे में जाकर देखने को कहा।

यह भी पढ़ें – हैदराबाद : पत्नी ने की पति की हत्या, शक की आदत से थी परेशान, मर्डर की प्लानिंग जानकर पुलिस भी रह गई सन्न

कमरे में जाकर देखने पर रोशनी ने पाया कि नेहा फंदे से झूल रही है। ऐसे में उसने शोर मचाया। हंगामा सुनकर पहले पड़ोसी और बाद में पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पंखे से उतारा गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

शव का पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल आई नेहा की फ्लैटमेट रोशनी ने बताया कि यह नेहा की दूसरी शादी थी। 10 साल पहले नेहा की पहली शादी हुई थी और पहले पति से उसे एक बेटा शिवांश है। हालांकि, 6 साल पहले ही नेहा जो एक डांसर थी वो अपने पति को छोड़कर बेटे शिवांश के साथ दर्पण के लिए दिल्ली से बिहार आ गई थी। यहां दोनों ने शादी कर ली थी।

रोशनी ने बताया चूंकि दोनों ऑर्केस्ट्रा लाइन से ही थे इसलिए साथ मिलकर उनका बिजनस चल पड़ा। काम के सिलसिले में दर्पण और डांसरों से बात करता था, जिससे समय के साथ नेहा को उस पर शक होने लगा और इस बात को लेकर अक्सर उनमें लड़ाइयां और मारपीट होती थी। घटना वाले दिन भी दोनों में बहस हुई थी।

इधर, मृतका के बेटे शिवांश ने बताया कि वो मां को समझाया करता था कि वो पिता पर शक ना करे। वो काम के सिलसिले में लोगों से बात करते हैं या बाहर जाते हैं। उसने बताया कि रविवार को मां ने उससे कहा था कि वो फांसी लगा लेगी। हालांकि, उसके समझाने के बाद वो ऐसा नहीं करने को मान गई थी।

यह भी पढ़ें – पहले पीटा फिर गर्म आयरन से पूरे शरीर को दागा, अलीगढ़ में दहेज के लिए बहू की निर्मम हत्या, मामला दर्ज

बच्चे ने कहा कि मां को समझाने के बाद वो सोने को चला गया था। पिता के कहने पर वो मां को देखने आया था, तभी वो फोन चला रही थी। इस बात की जानकारी दर्पन को देने के बाद वो वापस सोने को चला गया था। बाद में रोशनी की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली। जब उसने जाकर देखा तो पाया कि मां का शव फंदे से झूल रहा है।

मामले में औरंगाबाद नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतका के शव को उसके पति दर्पण को सौंप दिया है। मृतका का मोबाइल आगे की जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। मोबाइल से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।