भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने फिल्मों में 2013 में अपने करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ थी। इसमें वो पहली बार एक्ट्रेस स्मृति सिन्हा के साथ रोमांस करते हुए नजर आए थे। इस मूवी से उन्होंने सभी को अपना दीवाना बना लिया था। आज आलम ये है कि लोग उनके म्यूजिक वीडियो और फिल्मों का बेसब्री से इंतजार करते हैं। इसी बीच अब वो फिर से चर्चा में किसी फिल्म या गाने को लेकर नहीं बल्कि अपनी नई कार की वजह से आए हैं। उन्होंने करोड़ों की कीमत वाली लग्जरी कार खरीदी है।

जी हां, आपने सही सुना। खेसारी लाल यादव ने लग्जरी कार खरीदी है, जिसकी कीमत करोड़ों में है। वो कार शायद ही किसी भोजपुरी स्टार के पास होगी। फिर चाहे वो पवन सिंह हों या फिर रवि किशन, निरहुआ या मनोज तिवारी। दरअसल, खेसारी ने लैंड रोवर डिफेंडर खरीदी है, जिसकी शुरुआती कीमत एक करोड़ से शुरू होती है और इसका टॉप मॉडल ढाई करोड़ में मिलता है। हालांकि, अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि एक्टर ने कौन सा मॉडल खरीदा है। खेसारी के घर पर कार का ग्रैंड वेलकम किया गया है। इसका वीडियो उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें वो पत्नी और बेटे के साथ पूजा करते दिख रहे हैं।

A post shared by Khesari Lal Yadav (@khesari_yadav)

खेसारी ने कार के पूजन का वीडियो शेयर करने के साथ ही लिखा, ‘आपके प्यार से बढ़कर तो कुछ नहीं है मेरे लिए और ये कार भी आप लोगों की वजह से है। धन्यवाद सभी का। हैश टैग डिफेंडर।’ इसके बाद तो सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। इसमें एक्ट्रेस मधु शर्मा से लेकर फैंस तक सभी जमकर बधाइयां दे रहे हैं।

बहरहाल, अगर इसके अलावा खेसारी लाल यादव के बारे में बात की जाए तो भले ही आज वो करोड़ों की कार खरीद रहे हैं और लग्जरी लाइफ जी रहे हैं। मगर उनकी लाइफ एक समय ऐसा था जब उनके पास शादी करने तक के पैसे नहीं थे। उनके पिता ने चने बेच कर सभी बच्चों की परवरिश की है। ट्रेंडिंग स्टार की शादी उनके ससुर ने भैंस बेचकर की है। उन्होंने भैंस बेची थी तो एक्टर के सिर पर सहरा बंधा था और शेरवानी खरीदी थी।

खेसारी के लिए यहां तक पहुंचना आसान नहीं था। एक्टर जब थोड़े समझदार हुए तो वो घर चलाने में पापा की मदद करते थे और भैंस का दूध बेचते थे। इस बात का खुलासा उन्होंने एक बार ‘द कपिल शर्मा शो’ में किया था और उनका असली नाम शत्रुघ्न सिन्हा है। फिल्मों में आने के लिए उन्होंने अपना नाम खेसारी कर लिया था। जब थोड़े बड़े हुए तो गायिकी में मन लगता था और वो अपना एलबम निकालना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने दिल्ली में लिट्टी चोखा तक बेचा है। फिर वो समय आ गया, जब उनके गाने बैक टू बैक हिट हुए और फिर पहली फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ मिली। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।