भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों और गानों में काम किया है। उन्हें इंडस्ट्री में ट्रेंडिंग स्टार कहा जाता है। उनके गाने जब भी रिलीज होते हैं तो वो लंबे समय तक ट्रेंडिंग में बने होते हैं। इसी बीच बीते दिनों ही कोर्ट ने एक्टर के खिलाफ फैसला सुनाया था कि वो अब सभी कंपनियों के लिए नहीं गा सकेंगे। उन्हें 2025 तक केवल एक ही कंपनी ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन प्राइवेट लिमिटेड के लिए ही गाना गाना होगा। इस फैसले के बाद अब खेसारी ने इंडस्ट्री के एक्टर्स से आवाज उठाने के लिए कहा था और कॉन्ट्रैक्ट विवाद के खिलाफ बोलने के लिए गुहार लगाई थी। ऐसे में अब भोजपुरी के फेमस एक्टर उनके सपोर्ट में आए हैं।

ये एक्टर कोई और नहीं बल्कि भोजपुरी के जाने-माने राइटर, एक्टर और कॉमेडियन प्रकाश जैश हैं। प्रकाश अपने दमदार अभिनय और कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। उन्हें सपोर्टिंग रोल में काफी पसंद किया जाता रहा है। ऐसे में अब वो खेसारी लाल के सपोर्ट में उतरे हैं और उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट विवाद के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा, ‘खेसारी लाल यादव जी के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट विवाद का मैं विरोध करता हूं। भोजपुरी इंडस्ट्रे को अगर हम अपना परिवार मानते हैं तो आज सारे परिवार को इस मसले का हल आपस में बैठकर निकालना चाहिए।’

प्रकाश पोस्ट में आगे लिखते हैं, ‘एकता में दम होता है। खेसारी भाई हमेशा इंडस्ट्री की मदद के लिए आगे आते रहे हैं। आज हम सबको इस विवाद को खत्म करने के लिए लाइव आना चाहिए। जय भोजपुरी।’ इसके बाद उनकी पोस्ट ढेरों कमेंट्स आने लगे और फैंस भी उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं।

कोर्ट के फैसले के बाद खेसारी लाल यादव इंस्टाग्राम पर बीते दिनों ही लाइव आए थे। उन्होंने इस दौरान उनकी टीम पर लगे आरोपों पर सफाई दी थी कि उन्हें फंसाने में उनकी टीम का कोई हाथ नहीं हैं। साथ ही एक्टर ने इंडस्ट्री वाले पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि आज जो लोग उनके सपोर्ट में आवाज नहीं उठा रहे हैं कल को वो लोग भी फंसेंगे। आज वो ये चीजें झेल रहे हैं तो कल पूरी इंडस्ट्री इसे झेलेगी। फिर वो मजे लेंगे, जिसके बाद प्रकाश जैस ने खेसारी के सपोर्ट में पोस्ट शेयर की और सभी कलाकारों को और इंडस्ट्री को एकजुट होने के लिए अनुरोध किया है।

वहीं, अगर खेसारी से जुड़े इस विवाद के बारे में बात की जाए तो ये विवाद खेसारी और म्यूजिक कंपनी ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन से जुड़ा है। कंपनी की ओर से भोजपुरी स्टार पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने कंपनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट को तोड़ा है। इसके बाद कंपनी ने एक्टर के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की है। इस केस में सुनवाई करते हुए 5 सितंबर, 2023 को कोर्ट की ओर से फैसला ट्रेंडिंग स्टार के विरोध में सुनाया गया। इसके बाद अब उन्हें दो साल तक केवल ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन कंपनी के लिए ही गाना रिकॉर्ड करना पड़ेगा।