5 सितंबर, 2023 को भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया कि वो 2025 तक किसी भी कंपनी के लिए गाना नहीं गा सकते हैं। अब केवल उनके नए गाने ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन प्राइवेट लिमिटेड पर ही रिलीज किए जाएंगे। कंपनी के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 30 सितंबर, 2025 तक है। ऐसे में इस विवाद को लेकर उनकी टीम पर सवालिया निशान उठाए जा रहे थे। इसमें उनके मैनेजर और राइटर पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने पैसे लेकर भोजपुरी ट्रेंडिंग स्टार को फंसाया है। ऐसे में इन सभी बातों को लेकर खेसारी इंस्टाग्राम पर लाइव आए और उन्होंने सफाई देने के साथ ही अपना दुखड़ा रोया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा…?
दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला आने के बाद भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव हाल ही में लाइव आए और इस दौरान उन्होंने कहा, ‘अगर मैं गलत हूं तो जाहिर तौर पर परेशान ही रहूंगा। महादेव सबका इंसाफ करते हैं। मैं पिछले दो दिनों से देख रहा हूं कि मेरी टीम के लिए बोला जा रहा है कि इसने पैसा ले लिया। उसने पैसा ले लिया और खेसारी को फंसा दिया। एक बात बोलूं कि जिस तरह से आप लोग मुझे प्यार करते हैं। उसी तरह से मेरी टीम भी मुझसे प्यार करती है। सिर्फ हमारी टीम को इसलिए बदनाम किया जा रहा है ताकि दुनिया उस आदमी को कुछ ना बोल सके। हमारी टीम को सिर्फ तोड़ने का काम किया जा रहा है। ताकि आप सबकी नजर में हमारी टीम के लोग नेगेटिव हो जाएं। हमारी टीम रातों दिन मेहनत करती है तो कोई इंसान अपनी ही रोजी-रोटी को कैसे फंसा सकता है। हम जिंदा हैं तो ही उनके घर का शोहरत है, सम्मान है और घर पर दो वक्त की रोटी है तो इसलिए झूठी अफवाह वहीं से फैलाई गई है, जहां से मैं फंसा हूं। मैं कैसे फंसा हूं क्यों फंसा हूं ये सबको पता है। लेकिन कोई नहीं।’
खेसारी कहते हैं, ‘मैं महादेव पर भरोसा करता हूं, जिसने मुझे फंसाया है। इसके भी बीवी बच्चे हैं। उसका भी परिवार है। मैं और मेरी भी फैमिली परेशान है। ना मैं सो पा रहा हूं ना मेरी फैमिली सो पा रही है। ना हम टाइम से खा पा रहे हैं। भूख नहीं लग रही है। जिंदगी में एक ही काम तो आता है वो है गाना। उस पर भी रोक लग गया है कि नहीं हम नहीं गा सकते हैं। मैंने और मेरी टीम ने किसी से कोई पैसा नहीं लिया है। कोई भी किसी को कुछ मत बोलिए। मेरी टीम ने मुझे नहीं फंसाया है। किसी ने मुझे नहीं फंसाया है।’
A post shared by Khesari Lal Yadav (@khesari_yadav)
खेसारी अपने वीडियो में बताते हैं, ‘मैं परेशान हूं। 13-14 दिन से सोया नहीं हूं। नींद नहीं आ रही है। इतनी मेहनत से यहां तक पहुंचा हूं। लोगों के घर में काम किया चूल्हा-चौका किया। लिट्टी-चोखा बेचा। ईश्वर सब देख रहा है। मेरा ईश्वर आप लोग हैं और आप सब देख रहे हैं। सिनेमा से मेरे गाने रिलीज हो रहे हैं। कई गाने रिलीज हुए हैं, तब तक उन गानों को प्यार दीजिए। मैं कोर्ट के फैसले का सम्मान करता हूं। आगे और भी लड़ाई है और मैं लड़ूंगा। मैं लड़कर मरना चाहता हूं। हार कर नहीं।’
खेसारी लाल यादव की बातों से लगता है कि उन्हें किसी अपने ही धोखा दिया है। उन्होंने कहा, ‘पेपेर जो साइन हुए हैं वो विश्वास पर साइन हुए हैं। उनके साथ मेरा बहुत प्यारा रिलेशन था। हम बिहार के लोग हैं और वहां के लोग पेपर पर नहीं विश्वास पर काम करते हैं। मुझे कोई 5 करोड़ नहीं मिला है। मुझे बस 30 लाख मिला है। मुझे कहा गया था कि साइन करते ही आपको मोटी रकम दी जाएगी। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। बात बहुत कुछ हुई थी लेकिन कुछ नहीं हुआ। मेरा टॉर्चर हुआ है। मैं 70 कंपनियों का गायक हूं। कौन करा रहा है? ये सबको पता है। मेरे फंसने से किसको फायदा हो रहा है? शेर को पिंजरे में कोई कबतक रख सकता है। देखते हैं लोग कब तक रोक लगाते हैं। आज मेरा कोई एक्टर सिंगर साथ नहीं दे रहा है। कोई नहीं आज मेरे साथ हुआ है कल किसी और पर यही बात आएगी। कोई नहीं आज आप मजा ले रहे हैं कल मैं मजा लूंगा।’
अगर खेसारी लाल यादव से जुड़े इस मामले के बारे में बात की जाए तो ये विवाद म्यूजिक कंपनी ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन और खेसारी लाल से जुड़ा है। इसमें भोजपुरी एक्टर पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने कंपनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन किया है और फिर कंपनी ने खेसारी के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस केस की सुनवाई में कोर्ट की ओर से खेसारी लाल के खिलाफ फैसला सुनाया और उन पर कॉन्ट्रैक्ट पूरा होने तक बैन लगा दिया गया। इस फैसले के अनुसार, खेसारी लाल यादव को अब दो साल तक केवल ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन कंपनी के लिए ही गाना रिकॉर्ड करना पड़ेगा।