90s के दशक में म्यूजिकल ड्रामा फिल्म ‘आशिकी’ आई, जिसके एक-एक गाने और सीन आज भी लोगों के जहन में है। इस फिल्म के जरिए पहली बार राहुल रॉय और एक्ट्रेस अनु अग्रवाल को साथ में देखा गया था। दोनों की केमिस्ट्री हिट रही और दोनों अभिनेताओं की भी किस्मत चमक उठी। इस हिट के बाद राहुल रॉय के पास फिल्मों की लाइन लग गई और महज 11 दिनों के भीतर ही 47 फिल्में साइन कर ली। बावजूद इसके उनका करियर डूब गया। आज वो पर्दे से गायब हो गए हैं और गुमनामी के अंधेरे में कहीं खो गए हैं। ऐसे में चलिए आपको उनके बारे में बता रहे हैं।
दरअसल, ‘आशिकी’ फेम एक्टर राहुल रॉय आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वो 59 साल के हो गए हैं। उनका जन्म 9 फरवरी, 1966 को कोलकाता में हुआ था। उन्होंने महेश भट्ट की फिल्म ‘आशिकी’ से फिल्मों में डेब्यू किया था, जो कि ब्लॉकबस्टर रही थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड्स को तोड़ दिए थे और रातों रात राहुल रॉय स्टार बन गए थे। लेकिन, क्या आपको पता है कि वो महज 20 मिनट की मुलाकात में ही हीरो बन गए थे?
जी हां आपने सही सुना, दरअसल ये कुछ किस्सा कुछ ऐसा था कि राहुल रॉय की मां इंदिरा रॉय मैग्जीन में कॉलम लिखा करती थीं। ऐसे में एक दिन किसी काम के लिए डायरेक्टर महेश भट्ट उनके घर पहुंचे। दोनों ड्राइंग रूम में बैठे थे और तभी उनकी नजर राहुल रॉय की फोटो पर पड़ी। इसे देखकर उन्होंने पूछ लिया कि ये कौन है? इंदिरा ने बताया कि वो उनके बेटे हैं और महेश भट्ट को राहुल रॉय की तस्वीर इतनी पसंद आई कि उन्होंने उन्हें फिल्मों में लॉन्च करने का मन बना लिया। महेश ने राहुल के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वो मॉडलिंग करते हैं। इतना सुनने के बाद डायरेक्टर ने कहा कि वो उन्हें जल्द ही फिल्मों में लेकर आने वाले हैं। अब 20 मिनट की इस मुलाकात से राहुल रॉय को फिल्म ऑफर हुई और 1990 में उन्होंने ‘आशिकी’ से डेब्यू किया और पर्दे पर छा गए।
रातोंरात हिट होने के बाद राहुल रॉय को सफलता हाथ नहीं लगी, जो पहली फिल्म से मिली थी। ‘आशिकी’ के बाद राहुल ने बैक टू बैक उनकी फिल्में फ्लॉप होने लगीं। फिर एक वक्त ऐसा आया जब डूबते तिनके को सहारा मिला था। वो फिल्म थी ‘जुनून’ राहुल रॉय की ये दूसरी हिट फिल्म थी। उन्होंने अपने करियर में 30 फिल्मों में काम किया। इसमें केवल 3-4 फिल्मों को छोड़ दिया जाए तो बाकी सब फ्लॉप रहीं। दो तो महेश भट्ट की देन रहीं, जिसने उनका डूबता करियर बचाया। राहुल रॉय के करियर में एक समय ऐसा भी आया था जब उन्होंने 11 दिनों में 47 फिल्में साइन की। उन्हें 60 फिल्में ऑफर हुई थीं लेकिन, समय ना होने की वजह से वो 47 फिल्मों को ही साइन कर पाए थे। उनको डर था कि वो कहीं खाली घर पर ना बैठ जाएं।
राहुल रॉय 3-3 फिल्मों में एक साथ काम करते थे। लेकिन समय ना होने की वजह से उन्हें 21 प्रोड्यूसर्स के पैसे वापस करने पड़े थे। राहुल ने ‘जानम’, ‘फिर तेरी याद आई’, ‘गुमराह’, ‘सपने साजन के’ और ‘मझदार’ जैसी फिल्मों में काम किया लेकिन सभी फिल्में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। एक्टर ने 1 श्रीदेवी के साथ , 2-2 रवीना टंडन, शिल्पा शेट्टी और करिश्मा कपूर के साथ, 3 फिल्में पूजा भ्ट्ट के साथ की थी और सभी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिटी थीं।
राहुल रॉय का करियर जब फिल्मों में नहीं चल पाया और लंबा ब्रेक हो गया था तो उन्होंने सलमान खान के शो ‘बिग बॉस’ में हिस्सा लिया। वो पहले सीजन में नजर आए थे और इसके विनर भी रहे लेकिन, फिर भी उनके करियर में इसका कोई फायदा नहीं हो सका। करियर को लेकर राहुल रॉय ने एक बार कहा था कि उनकी फिल्में ज्यादा ठीक चल नहीं रही थीं और वो एक जैसे ही रोल कर रहे थे। उनके लिए बॉलीवुड में बने रहना मुश्किल हो गया था, जिसकी वजह से एक्टर ने फिल्मों से दूरी बनाने का फैसला किया और परिवार पर ध्यान देने का सोचा।
राहुल रॉय के बारे में आपने ये खबर तो पढ़ ली। इसके साथ ही आप उनसे जुड़ी वो खबर भी पढ़ सकते हैं, जब उनके अफेयर की अफवाह उनकी मां के साथ उड़ी थी। उस समय इस पर काफी बवाल भी मचा था।