सिनेमा जगत में अपनी जगह बना पाना काफी मुश्किल होता है। इंडस्ट्री में हर साल कुछ नए कलाकार आते हैं। इसमें कुछ अपनी एक्टिंग से स्क्रीन पर छाप छोड़ने में कामयाब होते हैं तो कुछ गुमनामी की जिंदगी जीने के लिए मजबूर हो जाते हैं। कई बार तो ऐसा भी होता है कि कुछ कलाकार बेहतरीन काम करते हैं लेकिन, बाद में गुमनाम हो जाते हैं। ऐसे में आज हम आपको 90 के दशक की ब्यूटीफुल एक्ट्रेस के बारे में बता रहे हैं, जिसने अपनी शर्तों पर फिल्मों में काम करना शुरू किया और पहली ही फिल्म सलमान खान संग की। फिल्म हिट रही लेकिन, करियर नहीं चल पाया। उन्होंने भोजपुरी में भी काम किया तो बात वहां भी नहीं बनी। इसके बाद वो शादी करके सेटल हो गईं। वो कोई और नहीं बल्कि भाग्यश्री रहीं। चलिए बताते हैं उनके बारे में।

दरअसल, भाग्यश्री आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 23 फरवरी, 1969 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने फिल्मों में अपनी एक्टिंग की शुरुआत सलमान खान की फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से की थी। इसके लिए उन्हें सलमान से भी ज्यादा फीस मिली थी और ये हिट भी रही थी। इसके लिए उनको एक लाख रुपए बतौर फीस मिली थी जबकि सलमान को 30 हजार रुपए मिले थे। 1989 में सक्सेफुल डेब्यू के बाद भी एक्ट्रेस का करियर कुछ खास नहीं रहा। पहली हिट के बाद एक्ट्रेस ने एक के बाद एक फ्लॉप फिल्में दी।

भाग्यश्री ने बॉलीवुड में डेब्यू के बाद ‘त्यागी’ (1992), ‘पायल’ (1992) और ‘घर आया मेरा परदेसी’ (1993) जैसी फिल्मों में काम किया, जो कि फ्लॉप साबित हुई थी। बाद में अभिनेत्री ने भोजपुरी फिल्मों में भी किस्मत आजमाई। उनकी भोजपुरी फिल्मों की बात की जाए तो वो रवि किशन और मनोज तिवारी जैसे स्टार्स के साथ काम कर चुकी हैं। वो ‘जनम जनम के साथ’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। लेकिन, यहां भी उनका कुछ खास एक्टिंग करियर नहीं रहा।

भाग्यश्री ने अपनी पहली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ शर्तों पर साइन की थी। वो रूढ़िवादी परिवार से थं। ऐसे में एक्ट्रेस ने फिल्म में काम करने के लिए पहली शर्त रखी थी कि वो फिल्म में कोई भी किसिंग सीन नहीं देंगी। वहीं, उनके पिता ने उन्हें चूड़ीदार कपड़े ही पहनने की इजाजत दी थी तो ये दूसरी शर्त थी कि वो चूड़ीदार ही पहनेंगी। लेकिन, जैसे तैसे भाग्यश्री ने ‘मैंने प्यार किया’ के जरिए पहली बार जीन्स और वन पीस ड्रेस पहनी थीं।

सलमान ने फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ को लेकर एक किस्सा कई बार बता चुके हैं कि सूरज बड़जात्या दोनों स्टार्स के बीच एक किसिंग सीन चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने शीशे की दीवार बनाई थी। इस आइडिया के लिए उन्हें भाग्यश्री के घर वालों को मनाने के लिए सूरज बड़जात्या को कई बार जाना पड़ा था। फिर एक्ट्रेस ने इसे शूट किया था।

इसके बाद जब भाग्यश्री का करियर फिल्मों में नहीं चला और लगातार फ्लॉप के बाद एक्ट्रेस ने 19 साल की उम्र में परिवार के खिलाफ जाकर शादी रचा ली। उन्होंने बचपन के दोस्त हिमालय दासानी के साथ शादी कर ली थी। उनके पेरेट्ंस इस शादी के खिलाफ थे। लेकिन, एक्ट्रेस नहीं मानीं और इसमें उनका साथ सलमान खान ने दिया था। सलमान खान और क्लोज फ्रेंड्स की मौजूदगी में भाग्यश्री ने मंदिर में हिमालय से शादी कर ली थी। आपको बता दें कि भाग्यश्री और हिमालय की पहली मुलाकात स्कूल के दिनों में हुई थी।

भाग्यश्री ने एक बार सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके इस बात की जानकारी शेयर की थी कि शादी के बाद शुरुआत में हिमालय के साथ रिश्ते में उन्हें काफी झेलना पड़ा था। चीजें ठीक नहीं चल रही थीं। शुरुआत में उनका पति हिमालय दासानी से विवाद हो गया था और दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया था। एक्ट्रेस की मानें तो दोनों करीब डेढ़ साल तक अलग रहे थे। हालांकि, बाद में उनका पैचअप हो गया और आज तक वो दोनों साथ हैं। भाग्यश्री आज भी जब उस वाकये को याद करती हैं तो डर जाती हैं। बाद में इस शादी से भाग्यश्री के दो बच्चे बेटा अभिमन्यु और बेटी अवंतिका का जन्म हुआ।

भाग्यश्री और सलमान खान को लेकर भी अफेयर की खबरें खूब रही हैं। बेटे की डिलीवरी के बाद दोनों के अफेयर को लेकर एक्ट्रेस के पति से भी मीडिया में सवाल किए गए थे। इस पर उनका क्या रिएक्शन था, इसे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।