CineGram: हिंदी सिनेमा की खूबसूरत एक्ट्रेस रीना रॉय किसी पहचान की मोहताज नहीं। उनकी फिल्मों के साथ-साथ उनके प्यार की कहानी काफी चर्चा में रहे हैं और अधिकतर लोग इसके बारे में जानते ही होंगे। मगर लोग ये नहीं जानते होंगे कि रीना रॉय का असली नाम ये नहीं बल्कि कुछ और है। उनके एक नहीं तीन-तीन नाम हैं और जो नाम उनके जन्म के वक्त पड़ा वो किसी को मालूम ही नहीं होगा। आज इस खबर के साथ हम आपको रीना रॉय के नाम की कहानी बताने जा रहे हैं।
रीना रॉय का जन्म 1957 में हुआ था और वो अपने माता-पिता की तीसरी संतान थीं। रीना रॉय के पिता मुस्लिम थे और उनकी मां हिंदू। उनके पिता का नाम सादिक अली, मां का नाम शारदा एच राय है। शारदा जो राज कपूर और गीता बाली की ‘बावरें नैना’ में नजर आ चुकी हैं। जब रीना पैदा हुई थीं तो उनके पेरेंट्स ने उनका नाम सायरा अली रखा था, जो बाद में बदल दिया गया।
एंटरटेनमेंट की दुनिया में रीना का करियर 1970 के आखिरी सालों में शुरू हुआ था। पहले उन्होंने मॉडलिंग शुरू की और फिर बाद में वो बड़े पर्दे पर आ गईं। जब रीना ने अपना करियर शुरू किया तो उनकी मां ने उनका नाम बदलकर रूपा रॉय कर दिया। रीना की पहली फिल्म ‘नई दुनिया नए लोग’ थी। इस फिल्म के डायरेक्टर बीआर इशारा थे, जिन्होंने रीना को बड़े पर्दे पर पहचान बनाने में मदद की थी। उनके कहने पर फिर उनका नाम रूपा रॉय से बदलकर रीना रॉय कर दिया गया।
हालांकि ये फिल्म कभी पूरी नहीं हुईं, मगर रीना का नाम जरूर मशहूर हो गया। इसके बाद उन्होंने इसी ना के साथ साल 1972 में डैनी डेन्जोंगपा और विजय अरोड़ा के साथ फिल्म ‘जरूरत’ में काम किया। ये फिल्म रीना रॉय को इंडस्ट्री में अपनी जगह दिलाने में कामयाब रही।
शत्रुघन सिन्हा और रीना रॉय की लव स्टोरी से हर कोई वाखिफ है। 80 के दशक में दोनों के प्यार की खूब चर्चा होती थी। दोनों ने साथ फिल्म ‘कालीचरण’, ‘मिलाप’, ‘संग्राम’ जैसी कई फिल्मों में काम किया था। दोनों की जोड़ी रील लाइफ के साथ-साथ रियल लाइफ में भी बन चुकी थी। दोनों का प्यार फिल्मी दुनिया के गलियारों में मशहूर था, लेकिन एक दिन शत्रुघन सिन्हा ने अपनी शादी का ऐलान कर दिया। शत्रुघन ने रीना रॉय के साथ नहीं बल्कि पूनम सिन्हा के साथ अपनी शादी की घोषणा की। इस खबर से हर कोई हैरान था।
80 के दशक में इंडस्ट्री में एक लव ट्रायंगल बना था और वो था शत्रुघन सिन्हा, पूनम सिन्हा और रीना रॉय का। रीना रॉय उनकी शादी की खबर से काफी दुखी हो गई थीं, बताया जाता है कि उन्होंने शत्रुघन को धमकी तक दे डाली थी। रीना रॉय ने शत्रुघन सिन्हा से कहा था कि अगर वो 8 दिन में उनसे शादी नहीं करते तो वो किसी से भी शादी कर लेंगी।
शत्रुघन सिन्हा, रीना रॉय ने पहलाज निहलानी की फिल्म ‘हथकड़ी’ में काम किया था और वो चाहते थे कि उनकी अगली फिल्म में भी ये जोड़ी हो, मगर रीना ने कहा था कि वो इस फिल्म को तभी करेंगी अगर शत्रुघन उनसे शादी कर लें। पहलाज निहलानी ने इसके बारे में बताते हुए कहा था, ” उन्होंने मुझसे कहा अपने दोस्त से कहो कि वो अपना मन बना ले। अगर वह मुझे जवाब देता है तो मैं उसके साथ अगली फिल्म करूंगी। नहीं तो मैंने मन बना लिया है। वो मुझसे शादी नहीं करेगा, मैं आठ दिन में शादी करने जा रही हूं।”
शत्रुघन सिन्हा की बायोग्राफी ‘एनीथिंग बट खामोश’ में भी किया गया है कि रीना रॉय ने उन्हें शादी के लिए 8 दिन का समय दिया था। इसके बाद रीना रॉय ने पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन खान से शादी की थी। 1983 में मोहसिन से शादी करके रीना रॉय पाकिस्तान चली गईं और उन्होंने फिल्मों से ब्रेक ले लिया। शादी के बाद उनकी एक बेटी हुई लेकिन शादी ज्यादा समय तक नहीं चल पाई। दोनों ने तलाक ले लिया और फिर 1992 में रीना रॉय भारत लौट आईं, फिर उन्होंने सिनेमा में वापसी की।
कई सालों बाद राजीव शुक्ला के साथ इंटरव्यू में शत्रुघन सिन्हा ने रीना रॉय से शादी ना करने का कारण बताया था। उनसे पूछा गया था, “रीना रॉय से आपका रोमांस चल रहा था, पर शादी आपने पूनम से कर ली, क्यों? इस पर शत्रुघन सिन्हा ने कहा, “होता है कभी जीवन में। इंसान कभी ऐसे मोड़ पर आकर खड़ा हो जाता है, जहां फैसला करना बहुत मुश्किल होता है। पर जब फैसला कर लिया जाता है तो शायद वो सबके हक में नहीं होता है।” रीना रॉय ने शत्रुघन सिन्हा से क्या कहा था इसके बारे में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…