बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के लिए साल 2025 की शुरुआत कुछ ठीक नहीं रही। पिछले महीने ही अभिनेता पर उनके घर में घुसकर जानलेवा हमला हुआ। घटना 16 जनवरी की है, जब उनके मुंबई स्थित घर पर एक घुसपैठिए ने हमला किया था। उन पर चाकू से छह वार किए थे। बावजूद इसके सैफ ने उसका डटकर सामना किया और फिर चोट लगने के कारण उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उन्हें सर्जरी की जरूरत थी। हॉस्पिटल से लौटने के बाद अब वो काम पर भी लौट चुके हैं। ऐसे में उन्होंने पहली बार घटना के बारे में बात की और बताया कि उस रात क्या हुआ था। वहीं, तैमूर के उस सवाल के बारे में भी बताया, जो किसी का भी जी कचोट लेगा।
दरअसल, सैफ अली खान ने घटना के कुछ समय के बाद ही दिल्ली टाइम्स से बात की और बताया कि इस हमले पर उनके बेटे तैमूर अली खान का क्या रिएक्शन था। इस दौरान बात करते हुए सैफ ने बताया कि उस रात उन पर हमलावरों ने 6 बार चाकू से वार किया। उनका कुर्ता खून से लथपथ था। सैफ का परिवार पत्नी करीना, बेटे जेह और तैमूर सभी नीचे आ गए थे और अस्पताल जाने के लिए ऑटो या कैब की तलाश कर रहे थे। सैफ को चोट लग चुकी थी तो उनको दर्द हो रहा था। उन्हें अपनी पीठ पर भी कुछ गड़बड़ महसूस हो रहा था।
सैफ ने बताया कि उस रात करीना ने उनसे अस्पताल जाने के लिए कहा और खुद को लेकर कहा कि वो बहन के घर जाएंगी। करीना लगातार फोन लगा रही थीं लेकिन कोई कहीं से भी जवाब नहीं मिल रहा था। फिर सैफ और करीना ने एक-दूसरे को देखा। इस पर एक्टर ने वाइफ से कहा कि वो ठीक हैं, मरेंगे नहीं। इसी के बाद उनके बड़े बेटे तैमूर ने उनसे दिल कचोटने वाला सवाल किया, ‘क्या आप मरने वाले हैं?’ फिर सैफ ने बेटे की हिम्मत बढ़ाई और कहा कि वो नहीं मरेंगे।
घटना के बाद सैफ अली खान को लेकर जानकारी सामने आ रही थी कि उनके अस्पताल लेकर जाने वाले इब्राहिम अली खान थे लेकिन, बाद में डॉक्टर्स ने खुलासा किया उनके साथ तैमूर गए थे। ऐसे में 8 साल के बच्चे के साथ जाने पर सैफ ने रिएक्शन देते हुए कहा कि तैमूर एकदम शांत और ठीक थे। बेटे ने ही उनसे कहा था कि वो उनके साथ जाना चाहता है। सैफ अली खान आगे बताते हैं कि वो चाहते हैं कि वो भी वहां रहें। इसलिए, दोनों हरि के साथ ऑटो रिक्शा से साथ गए।
इतना ही नहीं, सैफ अली खान ने बताया कि उस रात मां शर्मिला टैगोर ने उनके लिए गाना गाया था। एक्टर ने कहा कि उनकी मां ने उनका हाथ पकड़ा था और उनके लिए गाना भी गाया। इसे उन्होंने बहुत ही सुखद बताया। हालांकि, सैफ ने कहा कि उन्हें वो गाना याद नहीं लेकिन वो एक लोरी थी। वो ये भी कहते हैं जब वो बच्चे थे तो ऐसा नहीं हुआ था लेकिन अब हुआ। सैफ ने अपने बचपन की मां की बात याद करते हुए कहा कि उनको एक बार मां ने कहा था कि उन्हें किसी ने भी चोट पहुंचाने की कोशिश की तो वो बीच में आ जाएंगी। वो मानते हैं कि इसका उन पर प्रभाव भी पड़ा।
बहरहाल, अगर सैफ अली खान के प्रोफेशनल फ्रंट की बात की जाए तो वो इन दिनों ‘ज्वेल थीफ’ को लेकर चर्चा में हैं। इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। एक्टर हॉस्पिटल से लौटने के बाद इसके प्रमोशन में जुट गए हैं। ऐसे में हाल ही में नेटफ्लिक्स के इवेंट में सैफ को गले पर पट्टी बांधे हुए देखा गया। उन्हें 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
सैफ अली खान ने किया कन्फर्म, तैमूर के साथ गए थे हॉस्पिटल, बताया करीना क्यों नहीं गईं साथ?