फलों का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद साबित होता है। अच्छी सेहत के लिए रोजाना पांच रंगीन फलों का सेवन करना जरूरी है। मौसमी फलों का सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और बॉडी को पर्याप्त पोषण भी मिलता है। फलों का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है,क्योंकि फलों को पचाना आसान होता है। फलों में मौजूद विटामिन्स, मिनरल्स और फाइबर कई तरह की बीमारियों से बचाव करने में मददगार होते हैं, खासकर नाशपाती, केला, सेब और संतरा जैसे फल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं। रोजाना किसी एक फल का सेवन करने से यह प्राकृतिक औषधि की तरह काम करते है।
हेल्थलाइन के मुताबिक फलों का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है लेकिन कुछ फल ऐसे हैं जिनका सेवन अगर सुबह खाली पेट किया जाए तो इसके फायदे की जगह नुकसान होने लगता है। कुछ फलों का सेवन करने से पेट में गैस,सीने में जलन, एसिडिटी और दिल को परेशानी हो सकती है।
सावन में लोग फास्ट करते हैं और सुबह खाली पेट फलों का सेवन करते हैं, लेकिन आप जानते हैं खाली पेट अगर आप कुछ फलों का सेवन करेंगे तो आपके पेट में एसिडिटी भर जाएगी,आपके सीने में जलन हो सकती है और खट्टी डकार आ सकती हैं। आइए जानते हैं कि खाली पेट किन फलों का सेवन करने से परहेज करना चाहिए।
आम एक ऐसा फल है जिसे फलों का राजा कहा जाता है। ये फल पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। आम फाइबर का बेहतरीन स्रोत है अगर इसका सेवन दिन में करते हैं तो ये सेहत के लिए अमृत साबित होता है लेकिन सुबह खाली पेट करते हैं तो ये ब्लोटिंग कर सकता है। इसका सेवन करने से पेट की गैस और कब्ज की परेशानी हो सकती है।
अगर आप फास्ट कर रहे हैं या फिर रोज सुबह उठकर फलों से ही नाश्ता करते हैं तो आप खाली पेट कुछ फलों का सेवन करने से परहेज करें। हेल्थलाइन के मुताबिक दिन की शुरुआत खट्टे और रसीले फलों का सेवन करने से करेंगे तो आपका पाचन बिगड़ जाएगा। खाली पेट संतरा, मौसंबी और आंवला जैसे साइट्रस फलों का सेवन करने से पेट की अंदरूनी परत को परेशान हो सकती हैं। इनमें मौजूद तेज़ एसिड पेट में जलन या पहले से मौजूद एसिडिटी की समस्या को और बढ़ा सकता है। सुबह-सुबह आपका पाचन तंत्र कुछ हल्का और शांत पसंद करता है, इसलिए साइट्रस फलों का सेवन दिन में थोड़ी देर बाद करना बेहतर होता है, जब आपका सिस्टम उन्हें ठीक से संभाल सके।
अनानास का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता है लेकिन अगर इसका सेवन सुबह खाली पेट किया जाए तो ये आपके पेट पर भारी पड़ सकता है। खाली पेट अनानास खाने से पेट की परत को नुकसान पहुंच सकता है और पेट खराब हो सकता है। अनानास में ब्रोमेलेन एंजाइम मौजूद होता है जो पेट की लाइनिंग को नुकसान पहुंचा कर पेट को खराब करता है। इसका सेवन खाली पेट फास्ट के दौरान करने से मिचली और एसिडिटी हो सकती है।
केले का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है लेकिन सुबह खाली पेट केले का सेवन करने से सेहत पर ये जहर की तरह साबित हो सकता है। खाली पेट केला खाएंगे तो पेट में गैस एसिडिटी और ब्लोटिंग हो सकती है। फाइबर रिच केला और नेचुरल शुगर पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं। खाली पेट केला खाने से शरीर में मैग्नीशियम और कैल्शियम का असंतुलन पैदा हो सकता है जिससे दिल की सेहत बिगड़ सकती है।
अंगूर का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद है। अंगूर में नेचुरल शुगर ज्यादा होती है जिसका सेवन सुबह खाली पेट करने से ब्लड में शुगर का स्तर तेजी से स्पाइक करता है।
दिन में भिगो दें चिया सीड्स और सोने से पहले पी लें उसका पानी, सुबह उठते ही पेट हो जाएगा साफ, वजन रहेगा कंट्रोल। इन सीड्स का सेवन सेहत पर कैसा करता है असर पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।