फलों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हमेशा से ही फायदेमंद रहा है। हर मौसम और जगह के हिसाब कई प्रकार के फल बाजार में आते हैं, जो न सिर्फ खट्टे-मीठे और स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत लाभकारी होते हैं। रामबुतान (Rambutan) एक विदेशी फल है, जिसकी ऊपरी संरचना कांटे जैसी होती है। रामबुतान देखने में लीची जैसा लगता है। अधिकतर रामबुतान फल लाल रंग के होते हैं, लेकिन कुछ में नारंगी व पीले रंग का मिश्रण भी हो सकता है। रामबुतान फल का नाम ही नया है। बाहर से कांटेदार दिखने वाला यह फल अंदर से बहुत मुलायम गूदा, मीठा स्वाद और कई स्वास्थ्यवर्धक गुणों से भरपूर होता है। यह खाने में तो स्वादिष्ट होता ही है, साथ ही एक प्राकृतिक औषधि के रूप में भी काम करता है। फूड एक्सपर्ट व न्यूट्रिशियन कंसलटेंट नीलांजना सिंह ने रामबुतान के फायदे बताए हैं।
न्यूट्रिशियन नीलांजना सिंह के अनुसार, भारत के नामी कृषि विज्ञानी प्रो़ रंजीत सिंह व प्रो. एसके सक्सेना ने अपनी पुस्तक ‘Fruits’ में रामबुतान की जानकारी दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि मलाया द्वीप में इस फल की उत्पत्ति हुई है और दक्षिण भारत के नीलगिरी क्षेत्र के अलावा श्रीलंका में भी यह सीमित मात्रा में उगता है। इस फल में कई जीवाणुरोधी व एंटीसेप्टिक गुण भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने का काम करते हैं।
इस फल में विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है। यह विटामिन शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बढ़ाता है। यह शरीर को वायरस और बैक्टीरिया से बचाता है। रामबुतान खाने से खांसी-जुकाम जैसी छोटी-मोटी समस्याएं कम हो जाती हैं।
इस फल में दो तरह के फाइबर होते हैं। पानी में घुलनशील और अघुलनशील। ये आंतों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाते हैं और कब्ज को कम करते हैं। इसके अलावा ये फाइबर भोजन को धीरे-धीरे पचाने में मदद करते हैं। इससे शरीर को अच्छी एनर्जी और पोषण मिलता है।
रामबुतान में मौजूद कैल्शियम और फास्फोरस जैसे खनिज हड्डियों के निर्माण के लिए जरूरी हैं। ये न सिर्फ हड्डियों की मजबूती बढ़ाते हैं, बल्कि बुढ़ापे में होने वाली हड्डियों की समस्याओं से भी बचाते हैं। यह फल बच्चों के विकास में बहुत मददगार है।
रामबुतान में मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट त्वचा में बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करते हैं। ये झुर्रियों को कम करते हैं और त्वचा को प्राकृतिक चमक देते हैं। बालों के लिए इसमें मौजूद आयरन बालों के झड़ने को कम करता है और मजबूत, चमकदार बालों के विकास में मदद करता है।
रामबुतान फल पोटैशियम के माध्यम से ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है। यह रक्त वाहिकाओं को आराम देता है और दिल पर तनाव कम करता है। इसमें मौजूद फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने और हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करता है।
इस फल में मौजूद प्राकृतिक शर्करा शरीर को तुरंत एनर्जी प्रदान करती है। यह उन लोगों के लिए एक अच्छे नाश्ते के रूप में काम करता है जो सुबह व्यायाम करते हैं और जो काम के दबाव में पूरे दिन सक्रिय रहना चाहते हैं।
इसके अलावा हड्डियों की मजबूती के लिए खीरे के बीज का सेवन भी किया जा सकता है। खीरे के बीज ऑस्टियोपोरोसिस और ऑस्टियोआर्थराइटिस जैसी हड्डियों की बीमारियों को रोकने के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं।