भागदौड़ भरी जिंदगी में खानपान से लेकर लाइफस्टाइल पूरी तरह बदल चुका है, जिसके चलते लोगों के पास अपनी सेहत का ध्यान रखने का समय भी नहीं मिल पा रहा है। खासतौर से महिलाएं घर के काम, ऑफिस और बच्चों की देखभाल के चलते अपनी सेहत को लेकर काफी लापरवाह रहती हैं। जिससे उम्र बढ़ने के साथ ही हेल्थ और चेहरे की रौनक कम होती चली जाती है। हालांकि, उम्र बढ़ना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन अगर खानपान सही हो तो बढ़ती उम्र को भी मात दी जा सकती है। खासतौर पर महिलाओं के लिए 50 की उम्र एक ऐसा मोड़ होता है, जहां शरीर और हार्मोनल बदलाव तेजी से महसूस होने लगते हैं। इस उम्र में मेटाबॉलिज्म धीमा होने लगता है, हड्डियों की ताकत कम होने लगती है, त्वचा ढीली पड़ने लगती है और थकान जल्दी महसूस होती है। ऐसे में हेल्दी और एंटी-एजिंग गुणों से भरपूर सुपरफूड्स सेहत और खूबसूरती दोनों बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

सिग्नस लक्ष्मी हॉस्पिटल के जनरल फिजिशियन डॉ. संजय कुमार ने कुछ सुपरफूड बताए हैं, जो स्वास्थ्य के साथ-साथ शरीर को एनर्जेटिक और यंग बनाए रखने में मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि बेरीज, दही, टमाटर और एवोकाडो जैसे सुपरफूड्स न सिर्फ शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं, बल्कि बाहर से खूबसूरती को भी बरकरार रखते हैं।

बेरीज का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। ब्लूबेरी, स्ट्रॉबेरी, रास्पबेरी जैसी बेरीज एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइटोन्यूट्रिएंट्स से भरपूर होती हैं। ये शरीर में फ्री रेडिकल्स से लड़ती हैं, जिससे त्वचा पर उम्र के प्रभाव जैसे झुर्रियां और ढीलापन कम होता है। इसके अलावा बेरीज फाइबर और विटामिन C से भी भरपूर होती हैं, जो हार्ट हेल्थ के साथ-साथ इम्यूनिटी भी बूस्ट करती हैं। इसके अलावा महिलाओं की स्किन ग्लोइंग बनाए रखने और दिमाग को हेल्दी बनाए रखने के लिए भी असरदार होती हैं।

50 की उम्र के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन की कमी होने लगती है, जिसके चलते हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। दही कैल्शियम, विटामिन D और प्रोबायोटिक बैक्टीरिया भरपूर मात्रा में होते हैं। दही के सेवन से हड्डियां मजबूत होती हैं और पाचन तंत्र बेहतर बनता है। दही में मौजूद गुड बैक्टीरिया आंतों को स्वस्थ रखता है और मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है। इससे त्वचा को ठंडक और नमी मिलती है।

टमाटर में लाइकोपीन नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाता है और जवान बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा टमाटर का सेवन करने से दिल की सेहत भी बेहतर होती है। टमाटर कैंसर जैसे गंभीर बीमारी से लड़ने में भी मददगार होता है।

एवोकाडो को सुपर स्किन फूड भी कहा जाता है, क्योंकि एवोकाडो में ओमेगा-3 फैटी एसिड्स, विटामिन E और B भरपूर मात्रा में होता है। इससे स्किन को गहराई से पोषण मिलता है और त्वचा की नमी बनी रहती है। इसके अलावा एवोकाडो में हेल्दी फैट्स होते हैं, जो हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद होते हैं।

वहीं, NCBI में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, लिवर को हेल्दी रखने के लिए विटामिन ए और विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा शरीर में जरूर होनी चाहिए।