दूध कैल्शियम का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है। यही कारण है कि बचपन से ही रोज दूध पीने की सलाह दी जाती है, जिससे हड्डियां मजबूत रहें। दरअसल, जब भी बात हड्डियों की मजबूती की आती है, सबसे पहले दिमाग में दूध का नाम आता है, क्योंकि यह कैल्शियम का प्रमुख स्रोत माना जाता है। एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झांजर ने कुछ ऐसे फूड बताए हैं जो दूध से कहीं ज्यादा कैल्शियम प्रदान करते हैं। ये सुपरफूड्स न केवल हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाते हैं, बल्कि उम्र बढ़ने के साथ आने वाली समस्याओं जैसे ऑस्टियोपोरोसिस यानी हड्डियों के कमजोर होने के खतरे को भी कम करती हैं।

डॉ. बिमल झांजर के मुताबिक, हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम सबसे जरूरी होता है। शरीर में कैल्शियम की कमी होने पर हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और  ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि पांच ऐसे फूड हैं, जो दूध से भी ज्यादा कैल्शियम प्रदान कर सकते हैं। अगर आप अपनी डाइट में इनका नियमित सेवन करते हैं, तो उम्र बढ़ने के बाद भी आपकी हड्डियां मजबूत बनी रहेंगी। इसके अलावा हार्ट हेल्थ, पाचन और मसल्स को भी कई फायदे मिलेंगे।

चिया सीड्स एक सुपरफूड हैं, जो न केवल कैल्शियम बल्कि ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। लगभग 100 ग्राम चिया सीड्स में 630 mg कैल्शियम होता है। ये हड्डियों की ग्रोथ और डेंसिटी बढ़ाने के साथ-साथ कई समस्याओं के लिए भी फायदेमंद होता है।

बादाम का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। बादाम में कैल्शियम के साथ-साथ मैग्नीशियम और विटामिन E भी होता है, जो हड्डियों की मजबूती और मांसपेशियों की कार्य क्षमता बनाए रखने में सहायक होता है। लगभग 100 ग्राम बादाम में 260 mg कैल्शियम होता है। रोजाना सुबह भीगे हुए बादाम खाने से लाभ मिलता है।

सफेद तिल कैल्शियम का एक बेहतरीन स्रोत है। आयुर्वेद में भी तिल को हड्डियों की ताकत बढ़ाने वाला माना गया है। लगभग 100 ग्राम तिल में 975 mg कैल्शियम होता है। तिल का लड्डू, तिल की चटनी या सादा भुना खाया जा सकता है। तिल का सेवन करने से हड्डियों के साथ-साथ शरीर को कई फायदे मिलते हैं।

टोफू सोया मिल्क से बना होता है। टोफू न केवल प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, बल्कि कैल्शियम से भरपूर होता है। लगभग 100 ग्राम टोफू में 350-400 mg कैल्शियम होता है। टोफू खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो दूध या डेयरी प्रोडक्ट्स खाना पसंद नहीं करते। टोफू को सब्जी, पराठा या ग्रेवी में डालकर खाया जा सकता है।

सूखे अंजीर यानी ड्राय फिग्स हड्डियों के लिए एक प्राकृतिक टॉनिक है। अंजीर में फाइबर, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। 100 ग्राम अंजीर में लगभग 160 mg कैल्शियम होता है। रातभर 2–3 अंजीर भिगोकर सुबह खाने से न केवल हड्डियां मजबूत होती हैं, बल्कि पाचन तंत्र भी बेहतर होता है।

वहीं, जर्नल ऑफ अफेक्टिव डिसऑर्डर्स में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, खराब लाइफस्टाइल के कारण तनाव होता है और इससे मेंटल हेल्थ पर असर पड़ता है।