बदलते मौसम के साथ खानपान से लेकर लाइफस्टाइल में भी बदलाव होता है, जिसके चलते कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है। गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए पानी निकलता रहता है और शरीर में पानी की कमी होने की संभावना अधिक रहती है। गर्मी में शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए पसीना पैदा करता है, जो त्वचा की सतह पर वाष्पित होकर गर्मी को दूर करता है। गुड़गांव  के फोर्टिस अस्पताल की न्यूट्रिशनिस्ट दीप्ति खटूजा ने बताया कि गर्मियों में हेल्दी और फिट रहने के लिए कौन से फल खाना फायदेमंद होगा।

न्यूट्रिशनिस्ट दीप्ति खटूजा के मुताबिक, गर्मियों में ठंडे पेय पदार्थ पीना, खूब पानी पीना और हाइड्रेटेड रहना एक महत्वपूर्ण कार्य बन जाता है। जहां कुछ लोग अपने शरीर को ठंडा रखने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, वहीं अन्य लोग प्राकृतिक रूप से हाइड्रेटिंग फल खाकर अपने स्वास्थ्य को बनाए रखते हैं। गर्मियों के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखने तथा गर्मी से बचाने में कुछ विशेष फल बहुत उपयोगी होते हैं। चलिए आपको बताते हैं गर्मियों में स्वास्थ्य के लिए बेस्ट फल कौन से हैं?

गर्मियां आते ही सबसे पहले जो फल दिमाग में आता है वह है आम। इसका स्वाद न केवल लाजवाब है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी बहुत अच्छा है। आम में विटामिन सी, विटामिन ए और फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं। ये शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करते हैं। आम खाने से पाचन तंत्र बेहतर होता है। यह शरीर को पर्याप्त ऊर्जा प्रदान करता है और त्वचा को चमकदार भी बनाता है।

तरबूज खाना गर्मी से बचने का सबसे अच्छा तरीका है। इस फल में 90 प्रतिशत से अधिक पानी होता है। इससे शरीर को हाइड्रेट रखने और गर्मी कम करने में मदद मिलती है। तरबूज में विटामिन सी और विटामिन ए भरपूर मात्रा में होता है। ये त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

अनानास न केवल अपने खट्टे स्वाद से आपको आकर्षित करता है, बल्कि कई स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करता है। इसमें विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है और यह रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बढ़ाता है। अनानास गर्मियों में अक्सर होने वाली श्वसन समस्याओं को कम करने में भी उपयोगी है।

ये छोटे फल बहुत स्वादिष्ट होते हैं। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में होते हैं। लीची खाने से शरीर से अशुद्धियां दूर करने में मदद मिलती है। ये गर्मियों के दौरान शरीर को ठंडा रखने में भी मदद करती है। इसके अलावा स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी और रास्पबेरी जैसे जामुन शरीर से अपशिष्ट को बाहर निकालने में मदद करते हैं। इनमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं और ये शरीर की कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में उपयोगी होते हैं।

पपीता विटामिन सी, विटामिन ए और फोलेट से भरपूर होता है। गर्मियों में अक्सर होने वाली पाचन समस्याओं को कम करने में पपीता बहुत उपयोगी है। इसमें मौजूद प्राकृतिक एंजाइम और फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाने का काम करते हैं।

गर्मियों में नारियल पानी पीना स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा होता है। यह एक प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट के रूप में कार्य करता है और शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसमें पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज प्रचुर मात्रा में होते हैं।

गर्मी में दिन की शुरुआत करें नारियल पानी से, बॉडी रहेगी हाइड्रेट, दिल और किडनी की हेल्थ में होगा सुधार। नारियल पानी के बारे में पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।