पेट में गैस बनना पाचन से जुड़ी ऐसी परेशानी है जिससे ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं। पेट में गैस बनने के लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं जैसे खाने के साथ ज्यादा हवा का निगलना, लैक्टोज पचाने में दिक्कत होना, फाइबर का अधिक सेवन करना, पाचन में गड़बड़ी होना, तनाव और खराब फूड का सेवन करने से पेट में भयंकर गैस बनती है। कुछ लोगों को पेट में गैस सारा दिन रहती है तो कुछ लोगों को खाते ही पेट में गैस होती है और ब्लोटिंग की परेशानी बढ़ने लगती है।
गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल स्वरूप नगर कानपुर में डॉक्टर वी.के.मिश्रा ने बताया पेट में गैस और ब्लोटिंग होने के लिए कई कारण जिम्मेदार हैं जैसे आप कितनी मात्रा में खाना खाते हैं। अगर आप ज्यादा खाना खाते हैं तो आपका पेट फूलना लाजमी है। पेट में गैस बनने के लिए और पेट फूलने के लिए टाइप ऑफ फूड भी बहुत मायने रखता है। पेट फूलने के लिए आपके खाने की रफ्तार भी मायने रखती है।
अगर आप ज्यादा रफ्तार से खाना खाते हैं तो पेट में गैस ज्यादा बनेगी और पेट फूलेगा ही। अगर आपके खाने में नमक और चीनी ज्यादा है तो आपका पेट फूलेगा ही। ऑयली फूड का सेवन करने से भी पेट में गैस बनती है और पेट फूलता है। कुछ फूड्स ऐसे हैं जो तेजी से पेट में गैस बनाते हैं। कुछ मेडिकल प्रॉब्लम जैसे खाने की थैली में गैस्ट्राइटिस है या फिर कोई इंफेक्शन है तो आपका पेट फूलेगा ही। अल्सर,अल्सरेटिव कोलाइटिस, इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम और कॉर्न डिजीज है तो आपको पेट में गैस होगी और आपका पेट फूलेगा।
पेट की गैस और ब्लोटिंग से छुटकारा पाने के लिए खाने पर ध्यान देने की जरूरत होती है। खाने में कुछ फूड्स ऐसे हैं जो तेजी से पेट में गैस बनाते हैं। कुछ खाद्य पदार्थ जैसे कि ब्रोकोली, फूलगोभी, प्याज, दालें, बींस, साबुत अनाज पेट में गैस पैदा कर सकते हैं। विज्ञान में इन सभी फूड्स को गैसी फूड कहा जाता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि ये गैसी फूड कैसे पेट में गैस बढ़ाते हैं और पेट फूलने का कारण बनते हैं।
ब्रोकोली, फूलगोभी, प्याज, दालें, बींस, साबुत अनाज को गैसी फूड क्यों कहा जाता है?
इन सभी फूड्स में फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है, फाइबर सेहत के लिए उपयोगी है लेकिन शरीर इसे पचा नहीं पाता तो ये पेट में गैस और ब्लोटिंग का कारण बन सकता है। फाइबर बड़ी आंत में पहुंचकर बैक्टीरिया द्वारा फर्मेंट होता है जो गैस पैदा करता है। इन फूड्स को गैसी फूड कहा जाता है।
ब्रोकोली, फूलगोभी, प्याज, और दालों में फ्रुक्टांस और राफिनोज़ जैसे कार्बोहाइड्रेट होते हैं। इन कार्बोहाइड्रेट को हमारा पाचन तंत्र पूरी तरह से पचा नहीं पाता और ये बड़ी आंत में पहुंचकर बैक्टीरिया द्वारा फर्मेंट हो जाते हैं। इस प्रक्रिया के दौरान गैस का निर्माण होता है जिससे पेट में सूजन और ब्लोटिंग हो सकती है।
बींस और दालों में फाइटेट्स और लैक्टेट्स जैसे एंटी-न्यूट्रीएंट्स होते हैं जो पाचन को धीमा करते हैं और पेट में गैस का कारण बनते हैं।
साबुत अनाज में जटिल कार्बोहाइड्रेट होता हैं जिन्हें पचाने में अधिक समय लगता है। इस कार्ब्स का सेवन करने से पाचन तंत्र में गैस और ब्लोटिंग हो सकती है।
इन खाद्य पदार्थों में मौजूद कार्बोहाइड्रेट्स और फाइबर आंत में मौजूद बैक्टीरिया का भोजन बनते हैं। आंत में बैक्टीरिया इनको किण्वित करते हैं और इस किण्वन प्रक्रिया में गैस का उत्पादन होता है। जिन लोगों को पेट में गैस रहती है और ब्लोटिंग परेशान करती है वो इन फूड्स से परहेज करें। ————