फलों को सेहत के लिए हर मौसम में बहुत ही फायदेमंद माना जाता है। फलों में पाए जाने वाले पोषक तत्व शरीर को कई समस्याओं से बचाते हैं। चीकू एक ऐसा ही फल है, जिसके सेवन से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। चीकू को अंग्रेजी में सपोटा कहते हैं। इसमें प्राकृतिक चीनी, विटामिन्स, मिनरल्स और फाइबर होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं और विभिन्न बीमारियों से बचाते हैं, लेकिन कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्या वाले लोगों का चीकू का सेवन नहीं करना चाहिए। दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, लुधियाना, डायटीशियन अरुशी गुप्ता ने चीकू खाने के फायदे और नुकसान बताए हैं।

डायटीशियन अरुशी गुप्ता के मुताबिक, चीकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। चीकू को प्री और पोस्ट वर्कआउट फूड के रूप में खाया जा सकता है, लेकिन चीकू का अधिक सेवन वजन बढ़ने से लेकर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याओं को बढ़ा सकता है। चीकू में मौजूद पोषक तत्वों के अलावा इसमें टैनिन और लेटेक्स जैसे केमिकल भी होते हैं, जिसके कारण एलर्जी हो सकती है और ज्यादा चीकू खाने से पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। चलिए आपको बताते हैं चीकू का सेवन करने से क्या नुकसान हो सकते हैं?

कमजोर पाचन तंत्र वाले लोगों को चीकू के सेवन से परहेज करना चाहिए। हालांकि, चीकू पाचन तंत्र के लिए अच्छा है, लेकिन ज्यादा खाने से पाचन संबंधी समस्या हो सकती है। ज्यादा चीकू खाने पाचन तंत्र पर दबाव पड़ सकता है। जिससे पाचन की परेशानी बढ़ भी सकती है। चीकू में हाई फाइबर होता है जो पचाने में दिक्कत कर सकता है।

चीकू का अधिक सेवन करने से वजन बढ़ सकता है। चीकू में कैलोरी और नेचुरल शुगर अधिक होती है, जिससे वजन बढ़ सकता है। सौ ग्राम के चीकू में लगभग 83 कैलोरी होती हैं। ऐसे में वजन को ध्यान में रखते हुए चीकू का सेवन सीमित मात्रा में किया जाना चाहिए।

चीकू में टैनिन और लेटेक्स जैसे केमिकल भी होते हैं, एलर्जी की समस्या पैदा कर सकते हैं। चीकू का सेवन करने से कुछ लोगों को एलर्जी हो जाती है। इसे खाने के बाद हल्की खुजली, गले में सूजन और त्वचा पर दाने हो सकते हैं। अगर, आपको लेटेक्स से एलर्जी है तो चीकू से भी एलर्जी होने स्वाभाविक है।

शुगर के मरीजों को चीकू से दूरी बनाए रखनी चाहिए। चीकू का सेवन करने से शुगर लेवल बढ़ सकता है, क्योंकि चीकू में अधिक मात्रा में चीनी होती है, जो शुगर के मरीजों के लिए अच्छा नहीं होता।

वहीं, 20 से 30 साल की उम्र में बढ़ गया है कोलेस्ट्रॉल? इन 5 तरीकों से करें कंट्रोल, टल जाएगा दिल के रोगों का खतरा। इन तरीकों को जानने के लिए लिंक पर क्लिक करें।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।