ऑस्ट्रिया से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहां पर एक स्कूल में हमलावर द्वारा भीषण गोलीबारी की गई। इसमें 11 लोगों की मौत की खबर है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने वहां के स्थानीय अखबार के हवाले से बताया कि ऑस्ट्रिया के शहर ग्राज में मंगलवार को एक स्कूल में शूटर द्वारा गोलीबारी की गई। इसमें 11 लोगों की मौत हुई है।

इस घटना के हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली और उसकी मौत हो गई। वहीं ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने कितने लोगों की मौत हुई है, इसकी पुष्टि नहीं की है। गृह मंत्रालय ने कहा कि वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसके बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।

ऑस्ट्रिया की पुलिस के अनुसार उन्हें सुबह 10 बजे इस घटना की सूचना मिली। इसके कुछ ही देर बाद स्कूल की इमारत के अंदर से गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दी। पुलिस ने घटना को देखते हुए स्कूल को खाली कराया और सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। हालांकि इसमें 11 लोगों की मौत हो गई।

‘ICE को लॉस एंजिल्स से हो जाना चाहिए आउट’, डेमोकेट्स नेता के बयान पर मचा बवाल

बता दें कि जिस ग्राज शहर में यह घटना हुई है, वह इस देश का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। यहां की आबादी भी लगभग 3 लाख है। इस घटना के बाद लोग दहशत में हैं और इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसबलों की तैनाती की गई है।

इस गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस पूरे शहर में तलाशी अभियान चला रही है। बताया जा रहा है कि इस घटना में कई छात्र और शिक्षक बुरी तरह घायल भी हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें स्कूल के बाहर पुलिस तैनात खड़ी हुई दिख रही है। वहीं एक अन्य वीडियो में पीड़ितों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है।