Tonga Earthquake Today: म्यांमार के बाद के टोंगा में भूकंप के तेज झटके महसूस किए हैं, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 7.1 दर्ज की गई है। भूकंप के झटके इतने तेज रहे हैं कि सुनामी का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। U.S. Geological Survey (USGS) ने इस भूकंप की पुष्टि की है, बताया गया है कि भूकंप का केंद्र टोंगा द्वीप से कुछ दूरी पर 10 किमी की गहराई में था।

इस तेज भूकंप के बाद टोंगा, फिजी और समोआ जैसे नजदीकी द्वीपों में सुनामी की संभावना जताई गई है। लोगों को कहा गया है कि वे तट से दूर चले जाएं। बड़ी बात यह है कि टोंगा 170 से अधिक द्वीपों वाला एक ऐसा देश है जहां समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं, यहां ज्वालामुखी भी कई मौकों पर फटा है। 2022 में भी टोंगा में ही एक ज्वालामुखी विस्फोट से बड़ी तबाही हुई थी।

जानकारी के लिए बता दें कि म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप में अब तक 1,644 लोगों की जान जा चुकी है और 3,400 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। मरने वालों और घायलों का यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा कम से कम 139 लोग लापता हैं।

USGS ने कहा है कि म्यांमार में भूकंप भारतीय और यूरेशियाई प्लेटों के बीच “strike slip faulting” के कारण आया। इसका सीधा मतलब यह है कि ये दोनों प्लेट्स एक-दूसरे से टकरा गईं। भूकंप Sagaing Fault पर आया, जो म्यांमार के केंद्र से उत्तर से दक्षिण तक जाता है। USGS के डेटा के अनुसार, 1900 से अब तक “Sagaing fault” की वजह से 7 से अधिक तीव्रता के कम से कम छह भूकंप आ चुके हैं। जनवरी, 1990 में 7 तीव्रता का भूकंप आया था और इस वजह से 32 इमारतें ढह गई थीं। फरवरी 1912 में, 7.9 तीव्रता का भूकंप आया था। 2016 में लगभग उसी क्षेत्र में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था।