दिल्ली चुनाव में मिली अप्रत्याशित जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी बीजेपी दफ्तर पहुंच गए हैं। उनका जोरदार स्वागत हुआ है, कार्यकर्ताओं का जोश भी हाई दिख रहा है। उनकी तरफ से एक जोरदार भाषण दिया जा रहा है जिसमें उन्होंने आपदा का जिक्र किया है, बीजेपी की जीत का जिक्र किया है और कई बड़े वादे भी किए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव में दिल्ली वालों ने काफी प्यार दिया है, लेकिन मैं वादा करता हूं कि जिनता प्यार मिला है, उसे सवा गुना कर और ज्यादा विकास कर वापस लौटाएंगे। आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने एक बड़ा वादा भी किया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली में जैसे ही पहला सत्र बुलाया जाएगा, उसमें सीएजी रिपोर्ट रखी जाएगी। जिसने भी इस दिल्ली को लूटा है, उसे लौटालना ही पड़ेगा। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी तंज कसने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर यह देश बिल्कुल भी भरोसा करने को तैयार नहीं है। मैंने तो पिछली बार ही कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है, ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबो देती है। कांग्रेस एक बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं कि ये काम कठिन है और लंबे समय का है। समय कितना भी क्यों न जाए, शक्ति कितनी भी क्यों न लगे। लेकिन अगर संकल्प मजबूत हैं, तो यमुना जी के आशीर्वाद रहने वाले हैं। हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।