विश्वास न्यूज: दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो गई और अब सभी को नतीजों का इंतजार है। इसी बीच सोशल मीडिया पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आतिशी को पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हालिया बताते हुए आतिशी को चुनाव लड़ने से रोकने के कथित दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है,जब पुलिसकर्मियों ने पूछताछ करने के लिए आतिशी की गाड़ी को रोका था। उस समय वो नाराज हो गई थीं और प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया था।
फेसबुक यूजर ‘जिंदाबाद किसानी’ ने 6 फरवरी 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “का*** मोदी इतना डर गया है कि वो अब AAP को चुनाव नहीं लड़ने देना चाहता..AAP मंत्री Atishi को भी पुलिस जगह-जगह रोक रही है…मोदी जी एक काम करो, सब AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं को गोली मार दो, आपका काम आसान हो जाएगा…वरना अगर AAP नेता और कार्यकर्ता ज़िंदा रहे तो तुम्हें सुकून से तानाशाही नहीं करने देंगे।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट जी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 23 मार्च 2024 को अपलोड किया गया था। जानकारी के मुताबिक, आतिशी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर नाराज चल रही थीं। इसी बीच जब पुलिस ने उनकी गाड़ी को पूछताछ करने के लिए रोका तो पुलिसकर्मियों से उनकी बहस हो गई। उन्होंने धरना-प्रदर्शन का ऐलान कर दिया।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 23 मार्च 2024 को शेयर किया गया था।
कायर मोदी इतना डर गया है कि वो अब AAP को चुनाव नहीं लड़ने देना चाहता AAP मंत्री @AtishiAAP को भी पुलिस जगह-जगह रोक रही है मोदी जी एक काम करो, सब AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं को गोली मार दो, आपका काम आसान हो जाएगा वरना अगर AAP नेता और कार्यकर्ता ज़िंदा रहे तो तुम्हें सुकून से… pic.twitter.com/XcS05ZDWqT
अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली दैनिक जागरण के प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। जब केजरीवाल को जेल भेजे जाने से आतिशी नाराज थीं, तब पुलिसकर्मियों से बहस करने का उनका यह वीडियो वायरल हुआ था।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 18 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आतिशी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है, जब पुलिसकर्मियों ने पूछताछ करने के लिए उनकी गाड़ी को रोका था। उस समय वो नाराज हो गई थीं और प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया था।
(यह फैक्ट-चेक मूल रूप से विश्वास न्यूज द्वारा किया गया है। यहां इसे शक्ति कलेक्टिव के सदस्य के रूप में पेश किया जा रहा है।)
https://www.vishvasnews.com/politics/fact-check-old-video-of-cm-atishi-arguing-with-police-goes-viral-amid-delhi-election-2025