Global Day Of Parents 2025 Date, History and Theme: बच्चे हों या फिर बड़े, उनके जीवन में माता-पिता का काफी अहम रोल होता है। माता-पिता के अलावा उस स्थान को कोई भी दूसरा व्यक्ति नहीं ले सकता है। ऐसे में माता-पिता के प्यार, त्याग, समर्पण, करुणा और योगदान को सम्मानित करने के लिए हर साल एक जून को ग्लोबल डे ऑफ पैरेंट्स (Global Day Of Parents 2025) यानी वैश्विक माता-पिता दिवस के तौर पर सेलिब्रेट किया जाता है।
मालूम हो कि पूरी दुनिया में माता-पिता के त्याग, प्रेम और योगदान को सम्मानित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने साल 2012 में एक जून को वैश्विक माता-पिता दिवस के रूप में घोषित किया था। इस दिन का उद्देश्य परिवारों को मजबूत करना, माता-पिता की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। इस दिन को मनाने के पीछे का प्रमुख उद्देश्य बच्चों के संपूर्ण विकास में माता-पिता की भूमिका को उजागर करना है।
विश्व माता-पिता दिवस के मौके पर उनके सम्मान में देश-दुनिया में कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दिन बच्चे अपने माता-पिता को धन्यवाद देते हैं और उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। कई देशों में पारिवारिक एकता को बढ़ावा देने के लिए खास आयोजन किए जाते हैं।
माता-पिता से खुलकर संवाद बनाए रखना बहुत जरूरी है। आप उनसे बात करें और अपने विचार और भावनाओं को उनके साथ शेयर करें। आप अपने माता-पिता को कहीं बाहर घूमाने ले जा सकते हैं। इससे आप उन्हें समय भी दे पाएंगे। आप उनके हर छोटे-छोटे कामों में हाथ बंटाएं, इससे उन्हें काफी अच्छा महसूस होगा।