जून के महीने में कई हिस्सों में गर्मी काफी अधिक पड़ती है। कई जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर जाता है। वैसे तो इस मौसम में पौधा लगाना काफी मुश्किल होता है। हालांकि, कुछ पौधे ऐसे भी होते हैं, जिन्हें इस मौसम में भी आसानी से उगाया जा सकता है। अगर आप भी होम गार्डनिंग (Home Gardening) करते हैं, तो हम आपके लिए कुछ सब्जियों के नाम लेकर आए हैं, जिन्हें आप अपने घर पर ही छोटे गमले में आसानी से लगा सकते हैं।
गमले में आप लोबिया को आसानी से लगा सकते हैं। इसके पौधे को लगाने के बाद अधिक मेहनत की जरूरत नहीं होती है। इसको लगाने के बाद आप सबसे पहले इसके बीज को 7-10 घंटे के लिए पानी में भिगो लें। अब गमले में मिट्टी को सही से तैयार कर इसके बीज को एक इंच मिट्टी में डाल दें। अब आप इसके ऊपर पानी डालें। हालांकि, इन बातों का ध्यान रखें कि इसमें अधिक मात्रा में पानी न जमें।
भिंडी लगाने के लिए जून का महीना काफी बेहतर होता है। आप इसको अपने होम गार्डनिंग में आसानी से उगा सकते हैं। इसके बीज को भी आप लोबिया की ही तरह लगाया जाता है। हालांकि, इसको लगाने के लिए आपको दूरी का ख्याल रखना होता है। दो पौधों के बीच आपको कम से कम सात से 10 इंच की जगह रखनी होती है।
गर्मी के मौसम में आप बैंगन के पौधे को भी लगा सकते हैं। इसके लिए आप सबसे पहले गमले में हल्की मिट्टी तैयार कर लें। अब आप नर्सरी से बैंगन के पौधे को खरीदकर इसमें सीधे लगा सकते हैं। इसका पौधा कुछ ही दिन में तैयार हो जाता है। हालांकि, पौधा खरीदते समय इसके किस्म की सही जानकारी लें। दरअसल, बैंगन कई तरह का होता है।
करेले के पौधे को लगाने के लिए आप गमले में मिट्टी को तैयार करें। इसके बीज को जून के मौसम में बोना बेहतर माना जाता है। अगर आप इसके बीज को गमले या फिर तैयार की हुई जमीन में लगाना चाहते हैं, तो सबसे पहले इसको 24 घंटे के लिए भिगोकर रखें। इसको 1- 2 फीट की दूरी पर रखते हुए आप इसके बीज को 1 इंच गहराई में बोएं। आप गमले को धूप में भी रख सकते हैं। इसकी नियमित सिंचाई करें, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि गमले में पानी न भरे। आप पौधे को चढ़ाने के लिए सहारा दें। इसकी बीज को लगाने के करीब दो माह बाद फल आना शुरू हो जाता है। इसमें आप समय-समय पर जैविक खाद भी डालते रहें।
गमले में ककड़ी या खीरा लगाने के लिए 12-15 इंच गहरा गमला लें। अब गमले में नीचे पानी निकासी के लिए जगह भी बना लें। मिट्टी में गोबर की खाद और रेत मिलाएं। बीज को 12 घंटे भिगोकर 1 इंच गहराई में बोएं। गमला धूप वाली जगह रखें और बेल चढ़ाने के लिए जाली लगाएं। रोज हल्की सिंचाई करें और 15 दिन में जैविक खाद दें। मिट्टी में इसके बीज को डालने के करीब 60-70 दिनों के बाद फल आने लगते हैं।
गर्मी के मौसम में सब्जियों के पौधों की देखभाल करना काफी मुश्किल भरा होता है। कई बार धूप और अधिक तापमान के कारण पौधे सुखने लगते हैं। हालांकि, उचित देखभाल और केयर के साथ पौधे को हरा-भरा बनाए रख सकते हैं।
गर्मी में मिट्टी जल्दी सूख जाती है। ऐसे में पौधों को रोज सुबह या शाम के समय पानी देना जरूरी होता है। अगर आप गमले में पौधे लगाए हैं, तो इसमें सीमित मात्रा में पानी दें। अगर जमीन में पौधे लगे हों, तो सिंचाई करते समय पानी अधिक डालें, जिससे पानी पौधों की जड़ तक पहुंचे। इस तरह आप गर्मी के मौसम में पौधे को हरे-भरे बनाए रख सकते हैं।
जून के महीने में मौसम काफी गर्म रहता है। ऐसे में इस मौसम में पौधों को धूप से बचाना काफी जरूरी होता है। पौधों को धूप से बचाने के लिए आप नेट या फिर छायादार कपड़ा या घास का उपयोग कर सकते हैं। इससे पौधे झुलसने से बचते हैं।
गर्मी में पौधों को पोषण की ज्यादा आवश्यकता होती है। घर पर बनी जैविक खाद या वर्मी कम्पोस्ट का प्रयोग कर सकते हैं। इससे पौधों को पर्याप्त पोषक तत्व मिलते रहेंगे। कई बार रोग और कीट के कारण पौधे सूखने लगते हैं। ऐसे में आप पौधों पर नीम का तेल या अन्य जैविक कीटनाशकों का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि, अधिक केमिकल वाले कीटनाशकों का उपयोग करने से बचना चाहिए।