Ice Massage Benefits: चेहरे पर बर्फ लगाने के कई फायदे होते हैं। गर्मी में यह न सिर्फ चेहरे को फ्रेश रखने में मदद करता है, बल्कि पसीने से भी राहत दिलाता है। यह चेहरे को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ कई तरह की समस्याओं से राहत दिलाता है। अगर आप चेहरे पर बर्फ लगाना चाहते हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है, जिससे इसका पूरा फायदा मिल सके और त्वचा को कोई नुकसान भी न पहुंचे।

चेहरे पर बर्फ लगाने के कई फायदे होते हैं। इसके उपयोग से सूजन और डार्क सर्कल कम होते हैं। इसके लिए आप आंखों के नीचे हल्के हाथों से बर्फ लगाएं।

बर्फ मुंहासों से भी राहत दिलाता है। बर्फ त्वचा के पोर्स को सिकोड़ता है और ऑयल को नियंत्रण में रखता है। इससे चेहरे पर पिंपल्स कम आते हैं।

बर्फ चेहरे पर लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है। इससे ब्लड का फ्लो भी बेहतर होता है, जिससे नेचुरल ग्लो आता है। यह त्वचा के रोमछिद्रों को टाइट करता है। रोजाना बर्फ लगाने से चेहरा तरोताजा और दमकता हुआ नजर आता है। मेकअप से पहले इसका उपयोग करने से स्किन स्मूद और फ्रेश दिखती है।

चेहरे पर बर्फ कभी सीधे तौर पर नहीं लगाना चाहिए। बर्फ को लगाने से पहले इसको एक साफ कपड़े या सॉफ्ट कॉटन के कपड़े में लपेट लें। इसके बाद हल्के हाथों से बर्फ को पूरे चेहरे पर 1-2 मिनट तक गोल-गोल घुमाते हुए लगाएं। बर्फ को एक ही जगह पर अधिक समय तक नहीं लगाना चाहिए।