देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। वहीं, कई जगहों पर तापमान आने वाले दिनों में 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, भीषण गर्मी ने आज से ही परेशान कर रखा है और घरों के भीतर भी रहना काफी मुश्किल हो गया है।
वहीं, घरों को ठंडा करने के लिए लोग एसी, कूलर या फिर तरह-तरह की चीजों का उपयोग करते हैं। हालांकि, ऐसे में अगर आप बिना एसी और कूलर के भी अपने कमरे को ठंडा रखना चाहते हैं, तो नेचुरल तरीके को भी अपना सकते हैं। इसके लिए खस के पर्दे का आप उपयोग कर सकते हैं।
मालूम हो कि खस के पर्दे सदियों से भारतीय घरों में गर्मी से राहत पाने के लिए इस्तेमाल होते आए हैं। खस एक प्राकृतिक घास है, जिसकी जड़ें बेहद खुशबूदार और ठंडी प्रकृति की होती हैं। इन जड़ों से बने पर्दे जब खिड़की या दरवाजों पर लगाए जाते हैं और इन्हें नियमित तौर पर भिगोया जाता है, तो कमरे ठंडे हो जाते हैं। यह पर्दे सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि लू से भी बचाते हैं।
खस के पर्दे को आप अपनी खिड़कियों, दरवाजों या फिर बालकनी में आसानी से लगा सकते हैं। रोजाना इन्हें पानी से गीला करना होता है, जिससे ठंडी हवा का असर बना रहे। आप इन पर्दों को मार्केट या फिर ऑनलाइन भी खरीद सकते हैं। गर्मी के मौसम में आप देसी तरीके से अपने कमरे को आसानी से ठंडा कर सकते हैं। इस पर्दे को लगाने के बाद आपको अधिक समय तक कमरे में एसी चलाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी और कमरा लंबे समय तक ठंडा भी रहेगा।