Tabasco Sauce: हाल ही में मुझे अमेरिका के लुइसियाना राज्य में स्थित एक छोटे लेकिन ऐतिहासिक द्वीप एवरी आइलैंड (Avery Island) की यात्रा करने का मौका मिला। यह जगह मशहूर है Tabasco Hot Sauce के लिए, जो दुनिया भर के खाने के शौकीनों की पहली पसंद है। जैसे ही मैं आइलैंड पर पहुंची, हरियाली और शांति ने मन मोह लिया। लेकिन असली रोमांच तब शुरू हुआ जब मैं पहुंची टबैस्को फैक्ट्री टूर पर।
फैक्ट्री टूर ने मुझे चौंका दिया – इतनी साधारण चीज कैसे इतनी खास बन जाती है, यहीं जानने को मिला। टबास्को सॉस का एक खास स्वाद है, जो उसकी पहचान है, वो कैसे बनता है, इसका भी एक दिलचस्प प्रोसेस है।
यहां की मिर्चें खास तौर पर एवरी आइलैंड पर उगाई जाती हैं। पकने के बाद उन्हें तोड़ा जाता है और नमक मिलाकर लकड़ी के बैरल में डाला जाता है। ये बैरल तीन साल तक स्टोर किए जाते हैं ताकि उनका स्वाद परिपक्व हो सके।
तीन साल बाद इनमें सिरका मिलाया जाता है और कई हफ्तों तक धीरे-धीरे मिलाया जाता है। यह प्रक्रिया सॉस को एक तीखा, लेकिन संतुलित स्वाद देती है – यही है असली Tabasco Sauce की पहचान। इनकी बॉटलिंग भी एक मज़ेदार प्रोसेस है, मशीन में एक कतार में घूमती छोटी छोटी बोतलें बहुत मोहक लगती हैं।
यह सॉस पहली बार 1868 में एडमंड मैकइलहनी (Edmund McIlhenny) ने बनाई थी। सॉस के आविष्कारक एक बैंकर थे, जिन्होंने 1860 के दशक में गृह युद्ध के बाद खाली समय में मिर्चों के साथ प्रयोग शुरू किया। उन्होंने अपनी खुद की उगाई हुई लाल मिर्चों से एक तीखी सॉस बनाई और पुराने कोलोन के बोतलों में भरकर स्थानीय दुकानों और दोस्तों को देना शुरू किया।
यह सॉस लोगों को इतनी पसंद आई कि 1868 में उन्होंने इसे व्यावसायिक रूप से बेचने का फैसला किया। यहीं से टबैस्को ब्रांड की नींव पड़ी।आज भी इस फैमिली के वंशज ही इस बिजनेस को चला रहे हैं। यह देखना बहुत प्रेरणादायक था कि कैसे एक परिवार ने स्वाद और परंपरा को इतने सालों तक जीवित रखा।
फैक्ट्री के पास ही एक सुवेनियर शॉप है, जहां टबैस्को से जुड़े ढेर सारे उत्पाद मिलते हैं – जैसे टबैस्को टी-शर्ट, मग, सॉस के अनगिनत फ्लेवर। मैंने अपने लिए कुछ अनोखे फ्लेवर की सॉस खरीदी – खासकर वीट एंड स्पाइसी, जो बहुत पसंद आए।
आखिर में मैंने फैक्ट्री के पास ही बने रेस्टोरेंट “Restaurant 1868” में लंच किया। टबैस्को बर्गर, कैज्यून फ्राइज और मसालेदार चिकन ने मेरी यात्रा को स्वाद और संतोष से भर दिया। हर बाइट में टबैस्को की झलक मिलती है।
एवरी आइलैंड की यह यात्रा सिर्फ एक ट्रिप नहीं थी, बल्कि यह एक मज़ेदार कहानी से जुड़ने का मौका था। अगर आप अमेरिका यात्रा पर हैं और तीखे स्वादों के शौकीन हैं, तो Tabasco का घर – Avery Island जरूर देखें।