LIVE Updates: आज का मौसम कैसा रहेगा की जानकारी (Kal aur Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega 05-06 July 2025 – UP, Bihar, Uttarakhand, Himachal Pradesh, Delhi-NCR): देशभर में मॉनसून की सक्रियता फिर से बढ़ गई है और कई राज्यों में बारिश ने लोगों को राहत के साथ-साथ परेशानियां भी दी हैं। उत्तर भारत में उमस भरी गर्मी के बाद अब एक बार फिर बारिश की वापसी हुई है, वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं और सड़कों के बाधित होने से आवाजाही पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने हिमाचल के कुछ इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले दो दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट तो दर्ज की गई है, लेकिन बढ़ी हुई नमी के कारण उमस ने लोगों को परेशान किया है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी आंधी-पानी के बाद मौसम कुछ बदला है, लेकिन गर्मी का असर अभी कम नहीं हुआ है।
आज की ताजा खबर
दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। यहां कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है और जनजीवन प्रभावित है। पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी तेज बारिश से हालात बिगड़े हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी वाले बादल देश के विभिन्न हिस्सों की ओर बढ़ रहे हैं और अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत सहित मध्य भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
झारखंड के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक धनबाद, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, गढ़वा, पलामू और चतरा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ ही वज्रपात और तेज हवा के भी चलने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि यह सिलसिला 10 जुलाई तक जारी रह सकता है।
उत्तराखंड में आज दिन भर बादल छाए रहेंगे। राजधानी देहरादून, मसूरी समेत कई शहरों में हल्की बारिश की संभावना है। रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी अगले 5 दिनों तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में इसका जोर ज्यादा रहेगा। मौसम विज्ञानियों ने 48 जिलों में बिजली चमकने की संभावना जताई है।
बिहार के अधिकतर शहरों में शुक्रवार से बारिश थम गई है और तापमान में कुछ इजाफा हुआ है। राज्य में गोपालगंज में सबसे अधिक 37.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।