LIVE Updates: कल और आज का मौसम कैसा रहेगा की जानकारी (Kal aur Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega 11-12 June 2025 – UP, Bihar, Uttarakhand, Delhi-NCR): देश के बड़े हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे लू चलने का खतरा बना रहेगा। हवा में नमी कम है, लेकिन तपिश बहुत ज्यादा है। लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच दिल्ली-NCR के लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। तेज धूप से बचाव के लिए हल्के कपड़े पहनने, पानी अधिक पीने और दोपहर में बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
दूसरी ओर मुंबई में मॉनसून की रफ्तार तेज हो गई है। तापमान लगभग 32-33 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। समुद्री नमी के कारण उमस बनी हुई है और बारिश के चलते कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। इसी तरह कोलकाता में भी बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश हो रही है। तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक यहां बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। पूरे देश में जहां एक ओर उत्तर भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं, वहीं पश्चिमी तट पर मानसून की पहली बौछारें लोगों को कुछ राहत देने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून की रफ्तार और तेज हो सकती है।
हिमाचल के पांच जिलों ऊना, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर में लू चल रही है। राज्य में सबसे जयादा तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस ऊना का रहा। हमीरपुर के नेरी, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा का अधिकतम तापमान 40 से पार और शिमला का 30 के पास पहुंच गया है।
यूपी के प्रयागराज, वाराणसी, मीरजापुर, चंदौली, सोनभद्र, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर में बुधवार को गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान हैं। हालांकि गर्मी कम होने की संभावना नहीं है।
यूपी में मंगलवार को झांसी सबसे गर्म शहर रहा। वहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के 17 जिलों में बुधवार को तेज लू चलने का अनुमान है।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आज आंशिक बादल छाए रहने के साथ ही तेज बौछार पड़ने की संभावना है। मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के कई शहरों में बुधवार को लू और गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, नीमच और मंदसौर आदि शामिल हैं।
वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत कई शहरों में तेज गर्मी रहेगी। दूसरी ओर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर और शहडोल में आंधी-बारिश होने का अलर्ट है।
बिहार में शुक्रवार (13 जून) से दोपहर या सुबह के समय कई जिलों जैसे पटना, भागलपुर, बक्सर, भोजपुर और रोहतास में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान संशयित जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है, जो भीषण गर्मी से कुछ राहत देने के संकेत हैं। दूसरी ओर अभी तक अधिकतर दिनों में तेज़ गर्म हवाएं जारी रहेंगी और तापमान 38–40°C के आस-पास रहेगा।