LIVE Updates: कल और आज का मौसम कैसा रहेगा की जानकारी (Kal aur Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega 13-14 June 2025 – UP, Bihar, Uttarakhand, Delhi-NCR): देशभर में मौसम का मिजाज लगातार सख्त हो रहा है। दिल्ली में गर्मी का सितम जारी है। यहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। धूप तेज है और वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि अगले हफ्ते के मध्य में हल्की बारिश की उम्मीद जताई गई है, जो कुछ हद तक गर्मी कम कर सकती है। वहीं, मुंबई में मॉनसून की दस्तक हो चुकी है। लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार और शनिवार को तेज बारिश के साथ गरज-चमक की भी संभावना है। सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तापमान यहां 30-32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
लखनऊ में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा रहा है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई जा रही है, जिससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है। देश के बाकी हिस्सों में भी अलग-अलग स्थितियां बनी हुई हैं। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय है और लगातार बारिश हो रही है। वहीं उत्तर भारत में अभी भी गर्म हवाओं का असर जारी है। मौसम विभाग लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।
आज की ताजा खबर | अहमदाबाद प्लेन क्रैश LIVE
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक को रेड वार्निंग दी गई है और इन इलाकों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र के हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. सुप्रित कुमार ने बताया कि उष्म लहर के चलते राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में रेड अलर्ट जारी रहेगा। मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी उष्म लहर के चलते ऑरेंज वार्निंग दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान लू की स्थिति बनी रहेगी।
यूपी में मौसम काफी गर्म बना हुआ है। राज्य में अगले सात दिन में दिन का तापमान 38–41°C के बीच रहेगा। शनिवार सुबह, 14 जून को आंधी-तड़ित बारिश की संभावना है, वहीं 18–19 जून को हल्की बारिश की उम्मीद है। लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।
बिहार में अगले सात दिनों के दौरान मौसम में बदलाव जारी रहेगा। फिलहाल राजधानी पटना का तापमान लगभग 33°C है। राज्य के कई शहरों में 15–16 जून को सुबह‑दोपहर तक आंधी‑बारिश की संभावना है। सप्ताह के मध्य से बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।