आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार शाम कोलंबो पहुंचे। मोदी शनिवार को राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री की श्रीलंका यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब इस देश में आर्थिक संकट से उबरने के संकेत मिल रहे हैं। तीन साल पहले श्रीलंका भारी आर्थिक संकट से जूझ रहा था और भारत ने उसे 4.5 अरब डॉलर की वित्तीय मदद दी थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति दिसानायके के बीच बातचीत में भारत और श्रीलंका के बीच रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और डिजिटलीकरण के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने समेत लगभग 10 महत्वपूर्ण मसलों पर चर्चा होगी।
छत्तीसगढ़ दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार रात छत्तीसगढ़ पहुंचे। इस दौरान वह नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करेंगे और एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री शनिवार को दोपहर 12.10 बजे दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। यहां पर वह मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और राज्य सरकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बस्तर पंडुम’ महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद शाह नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा बलों के कमांडरों से बातचीत करेंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले शाम 5.20 बजे वह नया रायपुर के एक होटल में नक्सल विरोधी अभियानों और अपने विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
वक्फ बिल को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती: वक्फ संसोधन विधेयक पर ससंद के दोनों सदनों में बहुत जोशीली और सार्थक बहस हुई। लोकसभा और राज्यसभा दोनों ने विधेयक के संशोधनों पर 12 घंटे से ज्यादा समय तक चर्चा की। विपक्ष ने इस विधेयक के खिलाफ अपना रुख मुखरता से रखा और जेपीसी पर सवाल खड़े किए। अब इस विधेयक को कोर्ट में चुनौती दी जाएगी। एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस के मोहम्मद जावेद ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। पढ़ें पूरी खबर…
वक्फ संशोधन विधेयक पर आध्यात्मिक वक्ता अनिरुद्धाचार्य कहते हैं, “यह अच्छी बात है कि विधेयक पारित हो गया है और अब गरीब मुसलमानों को उनका अधिकार मिलेगा। पहले सत्ता सिर्फ़ चंद लोगों के हाथ में थी। केंद्र सरकार ने आम लोगों की सेवा में सराहनीय काम किया है। जिन्होंने आज तक सत्ता का दुरुपयोग किया, उनकी शक्ति छीन ली गई है, इसलिए स्वाभाविक है कि वे दुखी होंगे।”
बाबू जगजीवन राम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन लोगों के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने कई बार मंत्री पद संभाला, हर बार प्रभाव डाला, खासकर बांग्लादेश युद्ध के दौरान रक्षा मंत्री के रूप में उनकी अहम भूमिका थी, यह भारत के लिए गर्व की बात है। वह एक बहादुर नेता थे जो संसद में अपने विचार रखने में संकोच नहीं करते थे।”
वक्फ संशोधन विधेयक पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स ने कहा, “वक्फ संशोधन विधेयक गरीबों के लिए है और मैंने कहा था कि गरीब मुसलमान विरोध नहीं कर रहे हैं, जो विरोध कर रहे हैं वो राजनीतिक मुसलमान हैं। पुतले जलाना इस्लाम का हिस्सा नहीं है, फिर ये पुतले कैसे जला रहे हैं? ये राजनीतिक मुसलमान हैं, ये गुमराह कर रहे हैं, ये लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। ये साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी गरीबों और पसमांदाओं के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी। किसी भी पसमांदा को डरने की जरूरत नहीं है।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बाबूजी के नाम से मशहूर पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम की जयंती पर कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने कहा, “बाबूजी महान व्यक्तित्व के धनी थे और देश के लिए समर्पित थे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनमें इस देश में पनप रही कई संस्कृतियों को एकजुट करने की क्षमता थी। यह एक अद्भुत क्षमता है और राजनेताओं और समाज को आगे बढ़ाने वाले सभी लोगों में यह गुण होना जरूरी है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से शुरू हुई अपनी तीन दिवसीय श्रीलंका यात्रा के दौरान कोलंबो के इंडिपेंडेंस स्क्वायर में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के साथ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोलंबो के इंडिपेंडेंस स्क्वायर में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं, जो कल बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद शुरू हुई।
हाल ही में संसद द्वारा पारित वक्फ (संशोधन) विधेयक पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “जब कोई असंवैधानिक विधेयक दोनों सदनों द्वारा पारित हो जाता है, और हमें लगता है कि यह संविधान का उल्लंघन करता है, तो निस्संदेह, इसकी व्याख्या के लिए सर्वोच्च न्यायालय ही सर्वोच्च मंच है और हम वहीं जाएंगे।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर सर्वोदय कन्या विद्यालय, शालीमार बाग में ‘कन्या पूजन’ किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर हम भारत के समृद्ध समुद्री इतिहास और राष्ट्र निर्माण में इस क्षेत्र की भूमिका को याद करते हैं। हम भारत की प्रगति के लिए समुद्री क्षेत्र और अपने बंदरगाहों को मजबूत करना जारी रखेंगे।
वक्फ संशोधन विधेयक पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, “कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति की और 2013 में वक्फ अधिनियम लाया। इससे वक्फ बोर्ड, (मुस्लिम) समुदाय और देश को भी नुकसान हुआ। कांग्रेस ने जो भी गलत किया, उसे पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार सही कर रही है।”
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत नशे के खिलाफ पदयात्रा की। उन्होंने कहा, “आज पदयात्रा का तीसरा दिन है और जनता भी बहुत उत्साहित और सहयोगी है। हर कोई इसमें शामिल हो रहा है और ऐसा लगता है कि सभी के आशीर्वाद से हम इस जन आंदोलन को बनाने में जरूर सफल होंगे। हम सब मिलकर नशा मुक्त पंजाब, रंगला पंजाब बनाएंगे। सरकार भी अपना प्रयास कर रही है। हम भी अपना प्रयास कर रहे हैं। जनता भी हमारा साथ दे रही है।”