Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे। प्रधानमंत्री मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने उनसे अहमदाबाद जाकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाए। न्यूज एजेंसी ANI ने यह जानकारी सूत्रों के हवाले से दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना का जायजा लिया।

नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मंत्री को निर्देश दिया है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहने को कहा है। सभी संबंधित एजेंसियां ​​हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं। इस बात की जानकारी राममोहन नायडू का कार्यालय की तरफ से दी गई गै।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री से बात की है और सभी केंद्रीय सहायता का वादा किया है।

बता दें, अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 पैसेंजर सवार थे। विमान लंदन के लिए उड़ान भर रहा था, तभी टेकऑफ के दौरान एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास उसमें धमाका हो गया।

242 यात्री लेकर अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान क्रैश, विजय रुपाणी भी थे सवार

एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई। विमान एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ, जो एयरपोर्ट कैंपस से सटा हुआ है। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। हालांकि, सरकार की तरफ से बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

गुजरात के मुख्यमंत्री पटेल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के खराब होने की घटना से दुखी हूं। दुर्घटना में तत्काल बचाव और राहत कार्य के साथ ही घायल यात्रियों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को युद्धस्तर पर इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी उपचार व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने गृह मंत्री से भी बात की है और केंद्र सरकार ने बचाव कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। वहीं, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 1988 में भी भीषण हादसा हुआ था। जिसमें केवल दो लोगों की जान बची थी। पढ़ें…पूरी खबर।