अहमदाबाद में 12 जून को भीषण विमान हादसा हुआ था। अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद एअर इंडिया की बोइंग 787-8 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी। उसके बाद से एअर इंडिया के विमानों में कई बार तकनीकी दिक्कत आई। आज एअर इंडिया ने अहमदाबाद दुर्घटना के बाद विमानन अधिकारियों द्वारा सुरक्षा जांच बढ़ाए जाने के बाद अपने 7 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया। इसमें ड्रीमलाइनर बेड़े के बोइंग 787-8 के 6 विमान शामिल हैं। हाल ही में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और भारत, ब्रिटेन और अमेरिका के विमानन अधिकारियों ने एक संयुक्त जांच शुरू की है और एअर इंडिया के पूरे ड्रीमलाइनर बेड़े का निरीक्षण अनिवार्य किया है।

अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली उड़ान AI159 को विमान की अनुपलब्धता के कारण रद्द कर दिया गया। इसके कारण गैटविक से अमृतसर जाने वाली इसकी वापसी उड़ान AI170 को भी रद्द कर दिया गया। इसी तरह दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI143 को आज रद्द कर दिया गया, साथ ही 18 जून को निर्धारित वापसी की फ्लाइट AI142 को भी रद्द कर दिया गया। वहीं चल रहे निरीक्षण प्रोटोकॉल के तहत आज बैंगलोर से लंदन की सेवा भी रोक दी गई। 12 जून की घटना के बाद से एयरलाइन परिचालन चुनौतियों से जूझ रही है, जिसमें फ्लाइट सस्पेंशन, तकनीकी मुद्दे और बढ़ी हुई नियामक जांच शामिल है।

ये फ्लाइट्स कैंसिल हुईं

अहमदाबाद-गैटविक (AI159) और गैटविक-अमृतसर (AI170)

12 जून को ड्रीमलाइनर दुर्घटना के बाद एहतियाती जांच के दौरान विमान की अनुपलब्धता के कारण अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान AI159 को रद्द कर दिया गया। इसके कारण 17 जून को गैटविक से अमृतसर के लिए उड़ान AI170 को भी रद्द कर दिया गया।

दिल्ली-पेरिस (AI143 और AI142)

दिल्ली से पेरिस जाने वाली उड़ान AI143 को 17 जून को रद्द कर दिया गया था और इसकी वापसी उड़ान AI142 (जो पेरिस से दिल्ली के लिए 18 जून को निर्धारित थी) को भी रद्द कर दिया गया है।

Plane Crash Site: 70 तोला सोना, भगवद् गीता…चश्मदीद ने बताया हादसे वाली जगह से क्या-क्या मिला

बेंगलुरु-लंदन (बोइंग 787)

एयर इंडिया की उड़ान AI133 (जो आज दोपहर 2:15 बजे बेंगलुरु से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए रवाना होने वाली थी) उसको एयरलाइन के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर बेड़े की व्यापक सुरक्षा समीक्षा के हिस्से के रूप में रद्द कर दिया गया।

मुंबई-अहमदाबाद (AI2493)

एयर इंडिया की एयरबस द्वारा संचालित एक अन्य उड़ान AI2493 को मुंबई से अहमदाबाद के लिए 16 जून को रद्द कर दिया गया था। इसके परिचालन में देरी के कारण चालक दल अपनी उड़ान ड्यूटी की समय सीमा पूरा कर है। एयर इंडिया ने आज ड्रीमलाइनर की दो अतिरिक्त उड़ानें भी रद्द कर दीं। दिल्ली से दुबई के लिए AI915 और दिल्ली से वियना के लिए AI153 उड़ानें रद्द की।

सैन फ्रांसिस्को-कोलकाता-मुंबई (AI180)

17 जून की शुरुआत में कोलकाता में रुकने के दौरान बोइंग 777-200LR की उड़ान AI180 के लेफ्ट इंजन में समस्या आई। सुरक्षा एहतियात के तौर पर यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।

हांगकांग-दिल्ली (AI315)

हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली बोइंग 787-8 की उड़ान AI315, 16 जून को तकनीकी गड़बड़ी के संदेह में उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस लौट गई। विमान सुरक्षित रूप से हांगकांग में उतरा और तब से उसका निरीक्षण किया जा रहा है।

दिल्ली-रांची (AI एक्सप्रेस)

दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 16 जून को एक तकनीकी खराबी के बाद अपने अराइवल हवाई अड्डे पर वापस लौटी।

फुकेत-नई दिल्ली

रॉयटर्स के अनुसार फुकेत से नई दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को पिछले शुक्रवार को विमान में बम की धमकी के बाद थाईलैंड में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। उड़ान भरने के बाद यह धमकी मिली और फ्लाइट AI379 पर सवार सभी 156 यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ये घटनाएं एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बढ़ी हुई सुरक्षा जांच के बीच हुई हैं। इसके बाद अधिकारियों ने पूरे बेड़े का निरीक्षण शुरू किया और एहतियाती जांच शुरू की।