लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान के गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई। एअर इंडिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। एकमात्र जीवित व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। फ्लाइट में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे।
रिटायरमेंट से कुछ महीने दूर एक पायलट, 11 साल से अधिक अनुभव वाली एक फ्लाइट अटेंडेंट, दो क्रू मेंबर जो हाल ही में एअर इंडिया में शामिल हुए थे और पनवेल की एक युवा फ्लाइट अटेंडेंट उन 12 सदस्यीय चालक दल में शामिल थे जो एअर इंडिया ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने पर जान से हाथ गंवा बैठे। आइए जानते हैं उनके बारे में।
कैप्टन सुमीत सभरवाल, पायलट
60 साल के कैप्टन सुमीत सभरवाल, अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में सवार सबसे वरिष्ठ चालक दल के सदस्य थे। लंबे समय से पायलट रहे सभरवाल अपने 90 वर्षीय पिता के साथ पवई के जलवायु विहार में रह रहे थे। पड़ोसियों के अनुसार, वह रिटायर होने से बस कुछ ही महीने दूर थे और उन्होंने अपने बूढ़े पिता के साथ घर पर अधिक समय बिताने की योजना बनाई थी। सभरवाल की बड़ी बहन दिल्ली में रहती हैं । उनके दो बेटों ने भी यही पेशा अपनाया है और दोनों ही कमर्शियल पायलट हैं।
पढ़ें- अहमदाबाद प्लेन क्रैश LIVE अपडेट्स
दीपक पाठक, क्रू मेंबर
बदलापुर के रहने वाले एयर इंडिया के फ्लाइट अटेंडेंट दीपक पाठक दुर्घटनाग्रस्त अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट के क्रू मेंबर में से एक थे। 11 साल से भी ज़्यादा समय से एयरलाइन के एक समर्पित कर्मचारी दीपक किसी भी उड़ान से पहले घर पर फ़ोन करना नहीं भूलते थे, उन्होंने गुरुवार को भी ऐसा ही किया। परिवार के एक सदस्य ने बताया, “उसने हमेशा की तरह हमें फोन किया, जाने से ठीक पहले। हमने कभी नहीं सोचा था कि यह आखिरी बार होगा।”दुर्घटना के बाद शुरुआती क्षणों में परिवार को उम्मीदें थीं। उन्होंने कहा, “उसका फ़ोन अभी भी बज रहा था,हमें लगा कि शायद वह सुरक्षित है लेकिन अधिकारियों ने मौत की पुष्टि की।”
सैनीता चक्रवर्ती, क्रू मेंबर
35 वर्षीय सैनीता चक्रवर्ती, जिन्हें पड़ोसी और दोस्त प्यार से ‘पिंकी’ बुलाते थे, एअर इंडिया ड्रीमलाइनर पर सवार दस केबिन क्रू में से एक थीं। चक्रवर्ती जुहू कोलीवाड़ा की निवासी थीं जो हाल ही में गो एयर के साथ काम करने के बाद एअर इंडिया में शामिल हुई थीं। उनकी बचपन की दोस्त निकी डिसूजा ने बताया, “हम साथ-साथ बड़े हुए। उसने मानेकजी कूपर स्कूल और बाद में मीठीबाई कॉलेज में पढ़ाई की। निकी ने कहा कि सैनीता हमेशा समर्पित और पेशेवर रही है। उसने यहाँ तक पहुँचने के लिए कड़ी मेहनत की। यह दिल तोड़ने वाला है।
मैथिली मोरेश्वर पाटिल, क्रू मेंबर
अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर हुए विमान हादसे में पनवेल के न्हावा गांव की 24 वर्षीय फ्लाइट अटेंडेंट ने भी जान गंवा दी। अधिकांश लोगों ने उस कठिन परिश्रम को याद किया जो उन्होंने एक साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद एयरलाइंस फील्ड में अपने सपने को पूरा करने के लिए किया था। उन्होंने बताया कि टीएस रहमान विद्यालय में कक्षा 12 तक पढ़ाई करने के बाद मैथिली ने एविएशन कोर्स में दाखिला लिया और वित्तीय संकट के बावजूद उन्हें अपने परिवार का पूरा समर्थन मिला।
रोशनी राजेंद्र सोनघरे, क्रू सदस्य
रोशनी राजेंद्र सोनघरे (27 वर्ष) उस दुर्भाग्यपूर्ण एअर इंडिया विमान में सवार क्रू मेंबर में से एक थीं, जो उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। डोंबिवली के राजाजी पथ पर माधबी बंगला इलाके की निवासी सोनघरे के माता-पिता और भाई को जब यह खबर मिली तो वे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे। एक रिश्तेदार ने बताया कि हाल ही में एयर इंडिया में शामिल हुई सोनघरे फ्लाइट अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने बताया कि एयर होस्टेस बनना उनका ‘सपना’ था। इंस्टाग्राम पर भी उनके 54,000 फॉलोअर्स थे और वे नियमित रूप से वहां पोस्ट करती थीं। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 1988 में भी हुआ था भीषण हादसा, प्लेन में सवार 135 में से सिर्फ 2 की बची थी जान