Bird Flu Outbreak: बर्ड फ्लू को लेकर एक बार फिर चिंता और परेशानी का माहौल बन रहा है। झारखंड में रांची के बाद अब बोकारो जिले में भी बर्ड फ्लू का मामला सामने आया है। हालात को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है और जिला प्रशासन ने संक्रमित इलाके के 10 किलोमीटर के दायरे में अंडे-मुर्गी की बिक्री पर रोक लगा दी है।

बर्ड फ्लू का यह मामला बोकारो के सेक्टर 12 स्थित एक सरकारी पोल्ट्री फार्म में आया है। बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के साथ ही यहां लगभग 250 पक्षी मर चुके हैं। बोकारो के प्रशासन ने एक्शन में आते हुए बड़ी संख्या में पक्षी और अंडों को खत्म कर दिया है। इससे पहले रांची में बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप सामने आया था और इस वजह से 5500 पक्षियों को मारना पड़ा था।

बोकारो में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद केंद्रीय पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने निर्देश दिए हैं कि इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। बोकारो के पशुपालन अधिकारी डॉ. मनोज मणि ने PTI को बताया, ‘फार्म में 46 पक्षियों को मार दिया गया और 506 अंडे तथा 1,717 किलोग्राम पोल्ट्री फीड नष्ट कर दिया गया। पूरे फार्म को सैनिटाइज किया गया है।’

बर्ड फ्लू से हो जाएं सावधान, नया वैरिएंट इंसानों के लिए हो सकता है घातक, जानिए लक्षण और बचाव का तरीका

उन्होंने बताया कि एक किलोमीटर के दायरे के क्षेत्र को प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है और इस क्षेत्र में सभी पक्षियों को मार दिया जाएगा। मणि ने कहा कि इसके अलावा 10 किलोमीटर के दायरे में मुर्गियों की बिक्री और खरीद पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

भोपाल के ICAR-National Institute of High Security Animal Diseases (NIHSAD) ने 7 मार्च को H5N1 होने की पुष्टि की थी। बोकारो से पहले रांची के Birsa Agriculture University (BAU) के एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का प्रकोप सामने आया था, जहां 5,488 पक्षियों को मार दिया गया था। यह घटना फरवरी में हुई थी।

PM मोदी और CM योगी में 1 घंटे की लंबी बातचीत, यूपी के मंत्रिमंडल विस्तार पर क्या फैसला?

बर्ड फ्लू एवियन इन्फ्लूएंजा के एच5एन1 वायरस की वजह से फैलता है। यह मुख्य रूप से पक्षियों पर असर करता है लेकिन कभी-कभी यह मनुष्यों और अन्य जानवरों को भी संक्रमित कर सकता है। इंसान H5N1 से तब संक्रमित हो सकता है जब वह संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आ जाए या किसी संक्रमित जगह को छू ले। हालांकि इंसानों में संक्रमण के मामले अभी ना के बराबर हैं लेकिन हाल ही में अमेरिका में पोल्ट्री और डेयरी कर्मचारियों के बीच ऐसे कुछ मामले सामने आए हैं, जिससे चिंता बढ़ गई है।

भारत में पहली बार घरेलू बिल्लियों में सामने आए बर्ड फ्लू के मामले, क्लिक कर जानिए वैज्ञानिकों ने क्या कहा?