दिल्ली पुलिस को जल्द 19 नए थाने मिलने वाले हैं, जिसके लिए जमीन की तलाश तेज कर दी गई है। इसके साथ ही डीडीए, नगर निगम और अन्य विभागों को निर्देश जारी किया गया है। दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास निगम लिमिटेड (डीएसआइआइडीसी ), एमसीडी और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे जल्द से जल्द जमीन की पहचान कर दिल्ली पुलिस को सौंपें ताकि थानों का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

राजधानी दिल्ली में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने और बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए सरकार ने महत्त्वपूर्ण कदम उठाया है। दिल्ली सरकार ने पुलिस के 19 नए थानों के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस दिशा में दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाल ही में गृह विभाग की समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमें भूमि की कमी को गंभीर मुद्दा माना गया।

बैठक में यह जानकारी सामने आई कि दिल्ली नगर निगम के पास करोल बाग क्षेत्र में 1400 वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध है, जिसे पहले सामुदायिक भवन के लिए प्रस्तावित किया गया था। अब उपयुक्त मानते हुए इसे पुलिस थाने के लिए चिह्नित किया गया है। एमसीडी को निर्देश दिए गए हैं कि वह इस भूमि का उपयोग पुलिस स्टेशन निर्माण के लिए सुनिश्चित करे।

दिल्ली से बिहार विधानसभा चुनाव के अभियान की निगरानी करेगी कांग्रेस

दिल्ली पुलिस के कुल जिलों की बात करें तो इनकी संख्या 15 है जिनमें पूर्वी, उत्तरी पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी, दक्षिण पूर्वी, पश्चिमी, नई दिल्ली, दक्षिण पश्चिम, द्वारका, बाहरी, उत्तर पश्चिम, बाहरी उत्तरी, रोहिणी, मध्य और उत्तरी जिला प्रमुख रूप से शामिल हैं। मौजूदा समय में दिल्ली पुलिस के सभी तरह के पुलिस थानों की संख्या की बात करें तो यह 225 है। इसमें 194 जिला अंतर्गत थाने, 7 रेलवे पुलिस, 2 एअरपोर्ट पुलिस और 6 यूनिट पुलिस थानों (एक ई-पुलिस स्टेशन भी शामिल) के अलावा 16 मेट्रो पुलिस थाने भी शामिल हैं।

यह भी राजधानी की सुरक्षा को चाकचौबंद करने का काम कर रहे हैं। राजधानी को दिल्ली पुलिस ने 6 रेंज में बांटा हुआ है जिसमें पूर्वी, दक्षिणी, मध्य, उत्तरी, नई दिल्ली और पश्चिमी रेंज प्रमुख रूप से शामिल हैं जिनकी कमान संयुक्त पुलिस आयुक्त और विशेष पुलिस आयुक्तों के पास है। पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स