Farmer Protest: मोदी सरकार में शामिल केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और केंद्रीय अधिकारियों की एक टीम ने शुक्रवार को किसान नेताओं से मुलाकात की थी, जिसमें फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लिए कानूनी गारंटी सहित प्रमुख मांगों पर दो घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई। सौहार्दपूर्ण बताई जा रही यह चर्चा 22 फरवरी को फिर से शुरू होगी, जिसमें कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अगले दौर की बातचीत का नेतृत्व करेंगे।
पिछले एक साल से संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक और किसान मजदूर मोर्चा का प्रतनिधित्व करने वाले 28 सदस्यीय डिलेगेशन ने पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुद्डियन और राज्य के अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री के साथ बातचीत में शामिल हुए थे। यह बैठक चंडीगढ़ के महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान में हुई थी, जो कि पॉजिटिव बताई जा रही है।
आज की बड़ी खबरें
केंद्र के प्रतिनिधियों के साथ हुई इस बैठक में नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल भी शामिल हुए, जबकि उनकी तबीयत फिलहाल काफी खराब हैं लेकिन वे एंबुलेंस से चार घंटे का सफर तय कर मीटिंग करने पहुंचे।
मीटिंग के दौरान किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसानों ने एमएसपी कानून की मांग पर जोर दिया, जबकि अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि इससे पूरे देश के किसानों को फायदा होगा।
इस बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि मैंने केंद्र सरकार की ओर से किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल से भूख हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं इस बारे में सोचूंगा।
किसान नेताओं के साथ बैठक समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि किसान नेताओं के साथ हमारी बहुत सकारात्मक बैठक हुई। किसानों ने बैठक में अपनी मांगें रखीं। हमने किसान नेताओं की सभी मांगें सुनीं। हमने उन्हें पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए फैसलों से अवगत कराया। 22 फरवरी को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में बैठक होगी।
बता दें कि इससे पहले जब 2024 की शुरुआत में केंद्रीय मंत्रियों और किसानों के बीच बातचीत हुई थी, तो वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंची थी। प्रदर्शनकारी किसान कर्जमाफी, पेंशन, कम बिजली दरों और 2021 लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों के लिए न्याय की भी मांग कर रहे हैं। किसानों की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।