IMD Weather Forecast Today, आज का मौसम 14 जनवरी LIVE: दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत में ठंड का कहर फिलहाल जारी है। पहाड़ों में बर्फबारी जारी हैं, जिसके चलते वहां से आने वाली बर्फीली हवाए मैदानी इलाकों के पारे में इजाफा कर रही है। राहत की बात यह है कि सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह कोहरे ने ज्यादा परेशान नहीं किया है और दिन में निकली धूप लोगों के लिए थोड़ी राहत का सबब बनी हुई है। हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश के बाद ठंड जारी है और मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी दिल्ली एनसीआर में बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार राजस्थान हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में भी ठंड का कहर लोगों के लिए आज भी मुसीबत बन सकता है।

मौसम से जुड़ी तमाम जानकारी के लिए जुड़े रहे जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…

सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली के अधिकतर इलाकों में मंगलवार को एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। इनमें पूसा में 288, शादीपुर में 291, मुंडका में 278, मंदिर मार्ग में 289, वजीरपुर में 321, अशोक विहार में 297, द्वारका सेक्टर 8 में 261, रोहिणी में 282 और आरके पुरम में एक्यूआई 253 दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कहीं-कहीं पर घने से बहुत घना कोहरा छाने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। आज रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। जिसका असर यूपी में भी देखने को मिलेगा।

IMD के अनुसार 15 और 16 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना है। 15 जनवरी को घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। 17 से 19 जनवरी के दौरान यूपी के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

IMD के अनुसार मंगलवार सुबह 6 बजे दिल्ली का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सोमवार के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने की संभावना है। साथ ही अगले दो दिन बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

पिछले दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ सकती है। सोमवार को मौसम विभाग की तरफ से आज (मंगलवार) को कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। साथ ही कहा गया था कि मंगलवार दिन में आसमान साफ रहेगा, लेकिन शाम के समय हल्का कोहरा देखा जा सकता है।

वहीं 16 जनवरी को मध्यम कोहरा रहेगा। आंशिक बादल रहेंगे। सुबह के समय हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री रह सकता है। 17 से 19 जनवरी के बीच मध्यम कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री और न्यूनतम 6 से 9 डिग्री तक रह सकता है।

दिल्ली एनसीआर में 14, 15 और 16 जनवरी को बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है। 15 जनवरी को ज्यादातर जगहों पर घना कोहरा रहेगा। कुछ जगहों पर अति घना कोहरा भी रह सकता है। शाम और रात के समय एक दो चरणों में हल्की बारिश आ सकती है।

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार की सुबह अधिकांश जगहों पर घना कोहरा और स्मॉग रह सकता है। कुछ जगहों पर अति घना कोहरा भी रहेगा। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री तक रह सकता है।